कोविड केयर सेंटर में मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश
खण्डवा 21 मई, 2020 - नवागत कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने गुरूवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नवागत पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह के साथ अधिकारियों की बैठक लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय के कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाये। उनके मनोरंजन तथा उत्साहवर्धन के लिए गतिविधियां कराई जायें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि इन मरीजों के भोजन की गुणवत्ता व वार्ड की साफ सफाई का भी ध्यान रखें। अस्पताल से डिस्चार्ज से होने वाले कोरोना विजेताओं के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग भी डिस्चार्ज होने के कुछ दिन बाद तक की जाये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि कोविड केयर सेंटर में भर्ती मरीजों से वहां तैनात डॉक्टर्स वार्ड की व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ कर फीडबेक नियमित रूप से लेते रहे तथा वॉटसअप के माध्यम से जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजते रहे। उन्होंने कहा कि होम क्वारेंटाइन करने से पूर्व संदिग्ध मरीजों के घर की स्थिति जरूर देख ले, अगर घर में पर्याप्त व्यवस्था न हो तो संबंधित संदिग्ध मरीज को क्वारेंटाइन सेंटर में अलग से रखने की व्यवस्था की जाये, ताकि घर के अन्य लोग संक्रमण से बचे रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह ने बैठक में कहा कि कन्टेन्मेंट क्षेत्र में नागरिकों का आवागमन सख्ती से रोका जाये। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग अत्यावश्यक है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में यह भी देखा गया है कि कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के कुछ दिन बाद भी उसी व्यक्ति को पुनः संक्रमण हो जाता है, इसलिए डिस्चार्ज होने के बाद संबंधित कोरोना विजेता के स्वास्थ्य पर नजर रखी जायें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि अभी तक जिले कुल 2584 सेम्पल्स कोरोना संक्रमण की जांच के लिए गए, जिसमें से 2308 की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है, जिसमें 2048 रिपोर्ट निगेटिव व रिपोर्ट 208 कोरोना पॉजिटिव आईं है। कुल 64 रिपोर्ट अमान्य हुई है। जिले में कुल 17 कन्टेन्मेंट क्षेत्र क्रियाशील है। कुल 96 सर्वे दल शहर में नागरिकों के स्वास्थ्य का लगातार सर्वे कर रहे है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में कुल 10 कोरोना मरीजों की मृत्यु हुई है, जिसमें से पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद केवल 1 मरीज की मृत्यु हुई है, जबकि शेष अन्य 9 की मृत्यु सेम्पल की रिपोर्ट आने से पहले ही हो गई है। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 182 डॉक्टर्स है, जिसमें से मेडिकल कॉलेज में 129, जिला अस्पताल में 21 व मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन ग्रामीण क्षेत्र सहित कुल 32 डॉक्टर्स शामिल है। जिले में कन्ट्रोल रूम लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री प्रवासी मजदूर सहायता योजना के तहत कुल 1301 मजदूरों के खाते में 1-1 हजार रूपये उनके भोजन व अन्य व्यवस्थाओं के लिए जमा किए जा चुके है। प्रतिदिन लगभग 10 हजार लोगों को सुबह व शाम निःशुल्क भोजन तैयार कर वितरित किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment