अकोला से जिले के 322 मजदूरों को लेकर आयेगी श्रमिक स्पेशल ट्रेन
खण्डवा 8 मई, 2020 - लॉकडाउन में फॅंसे मजदूरों को उनके गृह जिले तक ले जाने की व्यवस्था प्रदेश सरकार कर रही है। अकोला से प्रदेश के विभिन्न जिलों के कुल 1347 मजदूरों को लेकर रवाना हुई, विशेष रेलगाड़ी में खण्डवा स्टेशन पर शनिवार सुबह लगभग 5 बजे पहुंचेगी। कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल व पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने शुक्रवार शाम को रेल्वे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से आने वाले मजदूरों के लिए बसों की व्यवस्था के साथ साथ उनके खाने पीने, उनके लिए मास्क व खाने के पैकेट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, एसडीएम खण्डवा श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन में खण्डवा जिले के 322 मजदूर भी शामिल है, जो महाराष्ट्र के अकोला, अमरावती, बुलढाना, वासिम एवं ऐवतमाल में कार्यरत थे। खण्डवा के अलावा इस ट्रेन से इंदौर संभाग के बडवानी जिले के लिए 48, बुरहानपुर के 430, धार के 7, इंदौर के 12 व खरगोन के 152 मजदूर भी आ रहे है। इन सभी मजदूरों को विशेष वाहनों से उनके जिले तक पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी। इसके अलावा इस ट्रेन में प्रदेश के बैतूल जिले के 198, दतिया के 37, शिवपुरी, भिण्ड के 18, मुरैना के 75, दमोह के 13, सागर, भोपाल के 10 मजदूर सहित रायसेन, विदिशा, शाजापुर, मन्दसौर, होशंगाबाद, हरदा, छतरपुर, जिलों के कुल 376 मजदूर भी आयेंगे।
No comments:
Post a Comment