जनसम्पर्क अधिकारी भी ‘मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना‘ में शामिल होंगे
खण्डवा 11 मई, 2020 - जनसम्पर्क विभाग के सचिव श्री पी. नरहरि ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को पत्र लिखकर निर्देश दिए है कि जिले के जनसम्पर्क अधिकारियों एवं इस दौरान प्रचार प्रसार के कार्य में लगे विभाग के कर्मचारियों को ‘‘मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना‘‘ में शामिल किया जाये। जनसम्पर्क विभाग के सचिव श्री नरहरि ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि कोविड-19 महामारी के प्रति जागरूकता एवं बचाव के उपायों तथा जनहित में की गई शासन की व्यवस्थाओं की जानकारी विभिन्न प्रचार माध्यमों से पहुंचाने के लिए जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी कार्यरत हैं। कोविड-19 के दौरान चिकित्सा सेवा जैसी अत्यावश्यक सेवाओं की जानकारी मीडिया तक पहुंचाना आवश्यक है। लॉकडाउन करते हुए नागरिकों से घर रहने की अपेक्षा की गई है और आपत्तिकाल में जनसाधारण की घर में उपस्थिति को सुविधाजनक बनाने के लिए जागरूकता आवश्यक है। जनसम्पर्क सचिव श्री नरहरि ने पत्र में उल्लेख किया है कि ऐसी परिस्थिति में राज्य शासन के जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए ‘‘मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना‘‘ में जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को पात्र कर्मी घोषित किया जाये।
No comments:
Post a Comment