कन्टेनमेंट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर घर जाकर कर रही है सर्वे
खण्डवा 10 अप्रैल, 2020 - खण्डवा शहर के मक्का मस्जिद खड़कपुरा तथा संजय कॉलोनी अजमेरी चौक शहनाई पैलेस के पास नागचून रोड क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने से इन क्षेत्रों को कन्टेनमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। इन दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की कुल 23 टीम घर घर जाकर सर्वे कर रही है तथा वहां निवासरत लोगों से पूछताछ कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। मक्का मस्जिद क्षेत्र में कुल 13 दल तथा खानशाहवली क्षेत्र में कुल 10 दल सर्वे कर रहे है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि मक्का मस्जिद क्षेत्र में गुरूवार को सर्वे का कार्य प्रारंभ कर 333 घरों के कुल 1504 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिसमें एक व्यक्ति कोरोना संदिग्ध पाया गया, जिसका कि सेम्पल लेकर परीक्षण के लिए वायरोलॉजी लेब भेज दिया गया। इन सभी घरों में अगले 14 दिनों तक लगातार स्वास्थ्य विभाग के दल जाकर नागरिकों की स्वास्थ्य की जांच संबंधी पूछताछ करेंगे। इसके अलावा खानशाहवली क्षेत्र में गुरूवार को कुल 1327 घरों के 8997 लोगों के स्वास्थ्य की जांच स्वास्थ्य विभाग के दल द्वारा की गई, जिसमें कुल एक व्यक्ति कोरोना संदिग्ध पाया गया, जिसका कि सेम्पल लेकर परीक्षण के लिए वायरोलॉजी लेब भेज दिया गया। शुक्रवार को कुल 1115 घरों में 5716 लोगों की स्वास्थ्य की जांच स्वास्थ्य विभाग के दल ने की और कोई भी व्यक्ति कोरोना संदिग्ध नही पाया गया।
No comments:
Post a Comment