स्कूलों में कॉपी चैकिंग अभियान के तहत जांची गई बच्चों की कॉपियां
खण्डवा 6 दिसम्बर, 2019 - स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 6 दिसम्बर को प्रदेष के सभी जिलों के शासकीय स्कूलों में कॉपी चैकिंग का एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से स्कूलों में कॉपी चैकिंग कार्य का निरीक्षण भी कराया गया। कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के अधिकारियों की ड्यूटी स्कूल निरीक्षण व कॉपी चैकिंग के लिए लगाई गई थी। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोषन कुमार सिंह ने छैगांवमाखन विकासखण्ड के ग्राम भीलखेड़ी के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की कॉपियां जांची। उन्होंने इस दौरान बच्चों से मन लगाकर पढ़ने के लिए कहा। उन्होंने बच्चों से चर्चा कर मध्यान्ह भोजन वितरण व साइकिल एवं गणवेष वितरण के संबंध में भी जानकारी ली।
इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर सुश्री आरती सिंह ने कन्या उ.मा.वि. सूरजकुण्ड, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल गुप्ता ने माध्यमिक विद्यालय सूरज कुण्ड, डिप्टी कलेक्टर श्री अषोक जाधव ने कन्या महाविद्यालय के पीछे स्थित प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री अविनाष दिवाकर ने प्राथमिक शाला भगावां का निरीक्षण किया। श्रम अधिकारी श्री ए.एस. अलावा ने छेगांवदेवी प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया, जबकि जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एस. शुक्ला ने प्राथमिक विद्यालय दोंदवाड़ा का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि कॉपी चैकिंग के इस अभियान के दौरान कक्षा के समस्त उपस्थित बच्चों की संबंधित विषयों में शत-प्रतिशत कॉपियाँ चैक की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी चैक किया कि विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक विषय की कॉपी बनाई गई है अथवा नहीं, पढ़ाए गए सभी पाठों का अभ्यास कार्य कॉपी में कराया गया है कि नहीं। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को दिए गए अभ्यास कार्य की नियमित रूप से जाँच की गई है अथवा नहीं। शिक्षकों द्वारा कॉपी चैक कर गलती सुधार के लिये गलतियों पर लाल स्याही से गोले लगाकर उनके पास सही शब्द लिखे जा रहे हैं अथवा नहीं।

No comments:
Post a Comment