‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम के तहत
अधिकारियों ने सिंगोट व जलकुंआ के ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
खण्डवा 15 नवम्बर, 2019 - ‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने पंधाना विकासखण्ड के ग्राम सिंगोट व जलकुंआ का दौरा कर वहां के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सिंगोट व जलकुंआ ग्राम का भ्रमण कर वहां संचालित हाई स्कूल, प्राथमिक शाला, माध्यमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान, ग्राम पंचायत सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम खण्डवा श्री संजीव केशव पाण्डेय, सहित कृषि, खाद्य, पशु चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के जिला व विकासखण्ड स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे। सिंगोट में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में पंधाना जनपद अध्यक्ष, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहरी श्री इंदल सिंह पंवार, कांग्रेस नेत्री श्रीमती छाया मोरे , किसान कांगे्रस के जिला अध्यक्ष श्री श्याम यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह व अन्य अतिथियों ने सिंगोट में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता योजना व लाड़ली लक्ष्मी योजना से संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए। जिन हितग्राहियों को यह सहायता वितरित की गई है उसमें संबल योजना के तहत सिंगोट की रामई बाई को 2 लाख रू., रघुनाथ दांगोरे निवासी झिरवन को 2 लाख रू., करण पुत्र कड़वा निवासी कारपुर को 4 लाख रू., सुतारखेडा के रसाल को 2 लाख रू. की मदद के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा कु. अर्पिता जाधव को लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण पत्र वितरित किया। जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आज प्राप्त आवेदनों का निराकरण आज ही किया जाये। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री पंवार ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने गांव में ही ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम प्रारंभ किया है, जिससे अब ग्रामीणों को कार्यालय के चक्कर नही लगाने पड़ेंगे।
ग्राम जलकुंआ में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने स्कूल में बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बारे में तथा आंगनवाड़ी में पोषण आहार व टीकाकरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गांव की महिलाओं से स्वसहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर होने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. डी.एस. चैहान ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के बारे में बताया। उप संचालक कृषि श्री गुप्ता ने सिंगोट व जलकंुआ के ग्रामीणों को खाद बीज वितरण की व्यवस्था के बारे में समझाया तथा उन्हें फसल में कीट प्रबंधन तथा सूरज धारा व अन्नपूर्णा योजना की जानकारी दी। डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सोलंकी ने सामाजिक न्याय एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। प्रभारी सहायक आयुक्त श्री नीरज पाराशर ने अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना , स्वरोजगार योजना व मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के बारे में भी ग्रामीणों को बताया।
No comments:
Post a Comment