अधिकारी कर्मचारी गुरू पूर्णिमा मेले की ड्यूटी श्रद्धा व सेवाभाव से करें - कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल
एस.डी.आर.एफ. के अधिकारियों ने आपदाओं से निपटने का दिया प्रशिक्षण
खण्डवा 13 जुलाई, 2019 - गुरू पूर्णिमा के अवसर स्थानीय दादाजी धाम में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इस दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए राज्य स्तरीय आपदा मोचन बल ‘‘एसडीआरएफ‘‘ के अधिकारियों ने दादाजी परिसर में गुरू पूर्णिमा मेले की व्यवस्था में लगने वाले स्वयंसेवकों को अग्नि दुर्घटना व अन्य तरह की आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश परिहार, जिला कमाण्डेंट होमगार्ड श्री महेश हनोतिया, एसडीएम खण्डवा श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित गुरू पूर्णिमा मेले की ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने इस अवसर पर कहा कि ड्यूटी में लगे स्वयं सेवक यह प्रयास करें कि गुरूपूर्णिमा पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने सभी अधिकारी कर्मचारियों व स्वयं सेवकों से इस मेले की ड्यूटी को पूरी श्रद्धा व सेवाभाव के साथ करने के लिए कहा। पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने इस दौरान कहा कि आज के प्रशिक्षण में सीखी गई अत्यन्त उपयोगी जानकारियों से यदि कोई एक व्यक्ति भी किसी एक व्यक्ति की जान बचाने में भी सफल हुआ है तो यह प्रशिक्षण सार्थक सिद्ध होगा। एसडीआरएफ के अधिकारियों ने विद्युत से लगने वाली आग, गैस सिलेण्डर से लगने वाली आग को आसानी से बुझाने के बारे में बताया। उन्होंने भगदड़ की स्थिति में घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में भी स्वयं सेवकों को बड़े ही रोचक तरीके से समझाया।


No comments:
Post a Comment