AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 15 July 2019

अल्पसंख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करायें

अल्पसंख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करायें
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री सिंघी ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

खण्डवा 15 जुलाई, 2019 - राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री सुनील सिंघी ने कलेक्ट्रेट खण्डवा के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर अल्पसंख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करायें, ताकि इस वर्ग के लोग सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की गई है, लेकिन जानकारी के अभाव में इस वर्ग के लोग योजनाओं का लाभ नही ले पाते है। उन्होंने खण्डवा जिले में अल्पसंख्यक वर्ग के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला प्रशासन की टीम की सराहना की। बैठक में कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह सहित विभिन्न अधिकारी व अल्पसंख्यक वर्ग के प्रतिनिधि मौजूद थे। 
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री सिंघी ने बैठक में निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित करते समय यह ध्यान रखे कि 15 प्रतिशत हितग्राही अल्पसंख्यक वर्ग से हो। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि हर तीन माह में जिला स्तर पर अल्पसंख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की जाये तथा यह देखा जाये कि विभिन्न योजनाओं में 15 प्रतिशत हितग्राही अल्पसंख्यक वर्ग से लाभान्वित हो रहे है की नही। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान को निर्देश दिए कि अल्पसंख्यक बहुल बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जायें। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री सिंघी ने जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं में अल्पसंख्यक वर्ग के लाभान्वित हितग्राहियों को सहायता वितरण के लिए ग्राम पंचायत व जनपद स्तर पर विधिवत कार्यक्रम आयोजित किए जाये, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को अल्पसंख्यक वर्ग के लिए लागू प्रावधानों की जानकारी रहे। श्री सिंघी ने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश दिए कि अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति समय पर जारी की जाये। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री सिंघी ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि शांति समिति में अल्पसंख्यक वर्ग के प्रतिनिधियों को भी पर्याप्त स्थान दिया जाये। 
बैठक में बताया गया कि उद्योग विभाग, अन्त्यावसायी कार्यालय सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में अल्पसंख्यक वर्ग के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री नीलेश रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में अब तक अल्पसंख्यक वर्ग के 1 हितग्राही को 7.50 लाख रू. की मदद स्वरोजगार स्थापित करने के लिए दी गई है, जबकि गत वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत अल्पसंख्यक वर्ग के 8 हितग्राहियों को 8.40 लाख रू. की मदद दी गई थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना में इस वित्तीय वर्ष में अब तक अल्पसंख्यक वर्ग के 2 हितग्राहियों को 1 लाख रू. की मदद स्वरोजगार स्थापित करने के लिए दी गई, जबकि गत वित्तीय वर्ष में 5 हितग्राहियों को 2.25 लाख रू. की मदद दी गई थी। 
जिला परियोजना समन्वयक श्री रघुवंशी ने बताया कि जिले में प्राथमिक स्तर की 14 शालाओं,  माध्यमिक स्तर की 5 शालाओं तथा हायर सेकेण्डरी व हाई स्कूल की 1-1 शालाओं में उर्दू शिक्षण कराया जा रहा है। इन शालाओं में शिक्षकों के कुल 55 पद स्वीकृत है जिसमें से 50 पद भरे हुए है। जिले में अनुदान प्राप्त मदरसे 10 तथा गैर अनुदान मदरसे 12 है। लीड बैंक अधिकारी ने बैठक में बताया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में अब तक 4995 ग्रामीण युवक युवतियों को स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिसमें 324 हितग्राही अल्पसंख्यक वर्ग से है। बैठक में बताया गया कि नगर निगम खण्डवा द्वारा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत कुल 39 हितग्राहियों को गत वित्तीय वर्ष में लाभान्वित किया गया, जिसमें से 13 हितग्राही अल्पसंख्यक वर्ग के थे। इसी तरह मध्यप्रदेश भवन सहनिर्माण मण्डल के जॉबकार्ड कुल 1214 हितग्राहियों को वितरित किए गए , जिनमें से 547 अल्पसंख्यक वर्ग के थे। इसी तरह विवाह सहायता के तहत कुल 300 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिनमें से 127 हितग्राही अल्पसंख्यक वर्ग के है। जबकि कुल 2546 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई, जिसमें से 1277 विद्यार्थी अल्पसंख्यक वर्ग के थे।

No comments:

Post a Comment