Thursday, 13 June 2019

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यालय का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यालय का किया निरीक्षण


खण्डवा 13 जून, 2019 - कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने गुरूवार को आनंद नगर क्षेत्र में स्थित अधीक्षण यंत्री कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों में जाकर उपस्थित कर्मचारियों से उनके कार्यो के बारे में पूछताछ की। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने अधीक्षण यंत्री को उनका कार्यालय आईएसओ अवार्ड कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के लिए कहा। उन्होंने विद्युत कम्पनी के कार्यालय की पुताई व सफाई तथा मरम्मत के लिए भी अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कार्यालय में रखी अनावश्यक सामग्री व फाइलों के विनष्टिकरण की कार्यवाही करने के निर्देश भी निरीक्षण के दौरान दिए। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने खण्डवा शहर स्थित दूध तलाई तथा स्टेडियम के पास स्थित विद्युत वितरण केन्द्र निर्माण के प्रस्तावित स्थल का भी दौरा अधीक्षण यंत्री व कम्पनी के अधिकारियों के साथ किया। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने अधीक्षण यंत्री से जिले में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्युत कम्पनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के इस मौसम में विद्युत प्रदाय सुचारू बनाए रखें तथा प्रयास करे कि विद्युत आपूर्ति कम से कम बाधित हो। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यपालन यंत्रियों से भी अलग अलग चर्चा की। अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कम्पनी श्री एस.आर. सेमिल ने कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल को बताया कि शहरी क्षेत्र में दो नए विद्युत वितरण केन्द्र स्थापित किए जाना है, जिसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई है। भूमि आवंटन की कार्यवाही पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम गुलाईमाल विकासखण्ड खालवा में भी एक विद्युत वितरण केन्द्र का निर्माण प्रस्तावित है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने अधीक्षण यंत्री को शीघ्र ही भूमि आवंटन की कार्यवाही करने के लिए आश्वस्त किया है।

No comments:

Post a Comment