Tuesday, 18 June 2019

बैंकर्स व आरसेटी की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

बैंकर्स व आरसेटी की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न



खण्डवा 18 जून, 2019 - स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ‘‘आरसेटी‘‘ खण्डवा की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। इसके साथ ही जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक भी सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने सभी बैंकर्स को इस वित्तीय वर्ष के लिए विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रकरण स्वीकृत कर उनमें बेरोजगार हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों की स्वीकृति के लिए वित्तीय वर्ष की समाप्ति का इंतजार न करे, बल्कि यथाशीघ्र प्रकरण स्वीकृत करे। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि ऋणों की वसूली में जिला प्रशासन बैंकर्स की हर संभव मदद करेगा। बैठक में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया तथा नाबार्ड के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने सभी लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि विकासखण्ड स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठकें हर विकासखण्ड मुख्यालय पर नियमित रूप से आयोजित की जाये तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व लीड बैंक अधिकारी क्षेत्र के सभी बैंक प्रतिनिधियों के साथ इन बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों के क्रेडिट कार्ड तैयार कर उन्हें वितरित किए जाये, जो किसान अभी तक क्रेडिट कार्ड प्राप्त नही कर सके है उनके क्रेडिट कार्ड यथाशीघ्र तैयार किए जाये। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित है। अतः किसानों को उनकी कृषि आवश्यकताओं के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाये, ताकि वे अपनी खेती का विस्तार कर आय बढ़ा सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे लक्ष्य से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंक शाखाओं को भेजे, ताकि बैंकर्स उनका परीक्षण कर प्रकरण स्वीकृत कर सके। उन्होंने कहा कि गत वर्ष के जो प्रकरण बैंक शाखाओं में अभी तक लंबित है उनमें से स्वीकृति योग्य प्रकरण चिन्हित कर इस वित्तीय वर्ष में उन्हें स्वीकृत करें तथा निरस्त योग्य प्रकरणों को अस्वीकृत किया जाये।   
बैठक में आरसेटी के निदेशक श्री नसीम खान ने बैठक में बताया कि प्रषिक्षण प्राप्त युवाओं को शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऋण व अनुदान की सुविधा भी दिलाने की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि अब तक आरसेटी प्रशिक्षण केन्द्र में अब तक कुल 193 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा चुके है, जिनमें 4922 प्रशिक्षार्थी स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 में आरसेटी में प्रशिक्षण प्राप्त 354 बेरोजगार युवा अपना स्वरोजगार स्थापित कर चुके है। 

No comments:

Post a Comment