खण्डवा शहर में अधिकाधिक मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले
खण्डवा 11 मई, 2019 - खण्डवा शहर में ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में मतदान का प्रतिशत पूर्व के निर्वाचनों में कम रहा है। अतः खण्डवा शहर में मतदाता जागरूकता गतिविधयां बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। सभी बूथ लेवल अधिकारी तथा बूथ लेवल अवयरनेस गु्रप में शामिल अधिकारी कर्मचारी अपने अपने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता गतिविधियां बढ़ायें, ताकि मतदाता आगामी 19 मई को लोकसभा निर्वाचन के लिए होने वाले मतदान में सक्रिय रूप से भागीदारी करें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने शनिवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित खण्डवा शहर के सभी बी.एल.ओ. की बैठक में दिए। उन्होंने बीएलओ से कहा कि वे जब मतदाता पर्ची वितरित करने मतदाताओं के घर जाये तो उनसे पीले चावल देकर मतदान की अपील भी करे तथा मतदान के लिए आते समय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 12 दस्तावेजों में से कोई एक साथ लाने के लिए भी कहे, ताकि मतदान में उन्हें परेशानी न हो। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, स्वीप प्रभारी श्री नीलेश रघुवंशी भी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने गत लोकसभा व विधानसभा निर्वाचनों के दौरान मतदान के कम प्रतिशत वाले शहर के विभिन्न वार्डो के बीएलओ से अलग अलग चर्चा कर अब तक की गई मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें नई नई गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न वार्डो में मतदाता जागरूकता रैलियां आयोजित की जायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि मतगणना के बाद इस बात की समीक्षा की जायेगी कि किस मतदान केन्द्र में मतदान का प्रतिशत कम रहा, जहां प्रतिशत कम पाया जायेगा वहां के बीएलओ के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। बैठक में बताया गया कि सूरजकुण्ड वार्ड, किशोर कुमार गागंुली वार्ड, विनोबा भावे वार्ड, सुभाष चन्द्र वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड क्षेत्र में गत दिनों आयोजित मतदान के दौरान मतदान का प्रतिशत बहुत कम रहा है।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि पुलिस लाइन क्षेत्र में मतदाता पर्ची वितरण के साथ साथ रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाये। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित बीएलओ का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।
No comments:
Post a Comment