AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 8 May 2019

मांधाता, खण्डवा व पंधाना क्षेत्र में निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

मांधाता, खण्डवा व पंधाना क्षेत्र में निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण करें  - कलेक्टर श्री गढ़पाले  

खण्डवा 8 मई, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए हरसूद विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो चुका है। अब जिले के खण्डवा, मांधाता व पंधाना विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा निर्वाचन के लिए आगामी 19 मई को मतदान सम्पन्न होना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जायें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित निर्वाचन संबंधी समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि हरसूद क्षेत्र में सोमवार को सम्पन्न हुए मतदान के दौरान व्यवस्थाओं में जो कुछ कमियां अनुभव की गई, उन्हें सुधारते हुए शेष तीन विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा निर्वाचन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जायें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने, हरसूद एसडीएम श्री पार्थ जायसवाल, सहायक कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी व निर्वाचन संबंधी नोडल अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर श्री रविश श्रीवास्तव द्वारा निर्वाचन कार्य में रूचि न लेने, मतदान सामग्री वितरण व सामग्री संग्रहण कार्य के दौरान अनुपस्थित रहने तथा बैठकों से अनुपस्थित रहने पर सख्त नाराजगी प्रकट की तथा उनके विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।  
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने मतदान दलों के लिए हरसूद क्षेत्र में की गई भोजन व्यवस्था की सराहना की। साथ ही उन्होंने कम्यूनिकेशन प्लान व निर्वाचन सामग्री व्यवस्था शाखा की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सभी मतदान केन्द्रों पर कूलर की व्यवस्था की जाये। इसके अलावा कलेक्टर श्री गढ़पाले ने झूलाघर की व्यवस्था सभी मतदान केन्द्रों पर बेहतर तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरसूद क्षेत्र में मतदान के दौरान कुछ मतदान केन्द्रों पर झूलाघर की व्यवस्था निर्देशों के अनुरूप नही थी। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सामग्री वितरण के दौरान मेडिकल बोर्ड के डॉक्टर्स को उपस्थित रहने के लिए पाबंद किया जाये। साथ ही मतदान दल रवाना होने के बाद 18 व 19 मई को डॉक्टर्स व एम्बूलेंस की तैनाती ग्रामीण क्षेत्र में करते हुए उनके स्थान व मोबाइल नम्बर की जानकारी नियंत्रण कक्ष को दी जाये, ताकि आवश्यकता पड़ने पर एम्बूलेंस व डॉक्टर्स को सूचित किया जा सके। 

No comments:

Post a Comment