मतदान के दिन सतत दौरा करें व स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान पर नजर रखें
सेक्टर अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने दिए निर्देश
खण्डवा 14 मई, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए होने वाले मतदान के दौरान सभी सेक्टर अधिकारी अपने अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का लगातार भ्रमण कर पीठासीन अधिकारियों के सम्पर्क में रहे तथा मतदान के दौरान उन्हें आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करायें एवं अपने सेक्टर में शांति पूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न करायें तथा सेक्टर के सभी मतदान केन्द्रों की जानकारी निर्धारित समय पर अपने विधानसभा क्षेत्र के नियंत्रण कक्ष को भेजते रहे। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सेक्टर अधिकारियों की बैठक में दिए। इस बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने इस दौरान सेक्टर अधिकारियों से कहा कि ग्रीष्म ऋतु के कारण मतदान दलों के लिए मेडिकल किट के साथ ओआरएस व उल्टी दस्त की दवा जैसी सामग्री भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही करें तथा हर घटना की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी जरूर करायें। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारियों को रिजर्व में ईव्हीएम मशीन अतिरिक्त दी जायेगी। इन मशीनों को निर्वाचन के तत्काल बाद निर्धारित स्थान पर जमा करायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक के दौरान कहा कि ईव्हीएम युक्त प्रत्येक वाहन पर जीपीएस सिस्टम फिट रहेगा। अतः ईव्हीएम लेकर वाहन को इधर उधर अनावश्यक न ले जाये, बल्कि मतदान सामग्री वितरण स्थल से सीधे मतदान केन्द्र जायें। सभी सेक्टर अधिकारी इस बार अपने सेक्टर के किसी एक मतदान केन्द्र में ही रात्रि विश्राम करेंगे। वे कहां रात्रि विश्राम करेंगे यह संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्धारित किया जा चुका है। अतः सेक्टर अधिकारी निर्धारित मतदान केन्द्र पर ही मतदान दिवस के पूर्व की रात में रूके। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि सेक्टर अधिकारी व मतदान अधिकारी वीवीपैट मशीन को धूप से बचाये। उन्होंने कहा कि मतदान पश्चात सभी मतदान दल ईव्हीएम सीलिंग की कार्यवाही तत्काल करें तथा सामग्री संग्रहण स्थल पर शीघ्रता से पहुंचे यह सेक्टर अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन सभी मतदान अधिकारी एक साथ खाना खाने न बैठे, बल्कि एक-एक करके खाना खाये ताकि मतदान प्रभावित न हो। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि सेक्टर अधिकारी मतदान से एक दिवस पूर्व अपने क्षेत्र के सभी मतदान कन्द्रों की व्यवस्था चेक कर ले तथा जो भी कमी पाई जाये उसे संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के ध्यान में लाकर पूरा करा लें।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक के दौरान सभी सेक्टर अधिकारियों से कहा कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई पुस्तिका का अच्छी तरह अध्ययन कर लें। उन्होंने इस दौरान सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन मतदान से पूर्व निर्धारित समय पर मॉकपोल सभी मतदान केन्द्रों पर सम्पन्न हो जाये, वे सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक 2-2 घंटे के अंतराल से अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के मतदान के प्रतिशत की जानकारी भी सेक्टर अधिकारी नियंत्रण कक्ष को भेजते रहे। इसके साथ ही मतदान के पश्चात अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों के मतदान दलों की ईव्हीएम व वीवीपैट मशीन जमा होने तक मतदान दलों के सम्पर्क में रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नागेन्द्र ने बैठक में निर्देश दिए कि मतदान केन्द्र के 100 मीटर क्षेत्र में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करे यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों से कहा कि जिन मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग या सीसीटीवी कैमरे या वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है वहां मॉकपोल से लेकर मतदान सम्पन्न होने के बाद मतदान दल के रवाना होने तक की वीडियोग्राफी अवश्य कराई जाये। संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी प्रशिक्षण श्री एस.एल. सिंघाड़े ने बैठक में सेक्टर अधिकारियों को समझाया कि वे अपने सेक्टर के पीठासीन अधिकारियों को यह जरूर समझा दें कि मॉकपोल के बाद ईव्हीएम से मॉकपोल के दौरान डाले गए वोट वे क्लियर जरूर कर दें। इसी तरह मतदान सम्पन्न होने के बाद शाम को क्लोज बटन दबाने के बारे में भी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के पीठासीन अधिकारी को बताए।
No comments:
Post a Comment