Saturday, 4 May 2019

द्वितीय रेण्डमाईजेशन के बाद मतदान केन्द्रवार आबंटित हुई ईव्हीएम व वीवीपैट

द्वितीय रेण्डमाईजेशन के बाद मतदान केन्द्रवार आबंटित हुई ईव्हीएम व वीवीपैट
प्रेक्षकों ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक में आचरण संहिता के पालन के दिए निर्देश 

खण्डवा 4 मई, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए खण्डवा संसदीय क्षेत्र के सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों में 19 मई को मतदान सम्पन्न होगा। इससे पूर्व इन विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केन्द्रों में मतदान के लिए प्रयुक्त होने वाली ईव्हीएम व वीवीपैट मशीन का आवंटन द्वितीय रेण्डमाईजेशन के माध्यम से सम्पन्न हुआ। इस दौरान कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले, प्रेक्षक श्री अवनीश कुमार शर्मा तथा श्री गंडम चन्द्रुडु, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के नागेन्द्र व अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने उपस्थित थे। रेण्डमाईजेशन की प्रक्रिया एन.आई.सी. के साफ्टवेयर के माध्यम से जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री प्रदीप पाटीदार व उनके दल द्वारा सम्पन्न कराई गई।
         इस दौरान खण्डवा संसदीय क्षेत्र के 8 विधानसभा क्षेत्र, खण्डवा, पंधाना, मांधाता, नेपानगर, बुरहानपुर, बड़वाह, भीकनगांव व बागली के सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी मौजूद थे। रेण्डमाईजेशन के बाद दोनों प्रेक्षक श्री चन्द्रुडु व श्री शर्मा ने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आदर्श आचरण संहिता का अपने क्षेत्र में पालन सुनिश्चित कराने तथा शासकीय अधिकारी कर्मचारियों को आदर्श आचरण संहिता का पालन कराने के निर्देश दिए। प्रेक्षक श्री शर्मा ने बैठक में कहा कि निर्वाचन के दौरान अभ्यार्थियों के प्रचार के संबंध में आयोजित राजनैतिक कार्यक्रमों की पूर्व से अनुमति लेनी होगी, बिना अनुमति के कोई कार्यक्रम आयोजित न हो, यह सुनिश्चित किया जायें। 

No comments:

Post a Comment