Wednesday, 10 April 2019

बैंकर्स, दूरसंचार व डाक विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

लोकसभा निर्वाचन - 2019

बैंकर्स, दूरसंचार व डाक विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

खण्डवा 10 अप्रैल, 2019 - आगामी लोकसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने बैंकर्स, दूरसंचार व डाक विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि अभ्यार्थियों या उनकी पत्नि अथवा अभ्यर्थी के आश्रितों के खाते में एक लाख रूपये से अधिक राशि जमा करने अथवा निकालने की स्थिति में जिला निर्वाचन कार्यालय को तत्काल सूचित किया जाये। बैठक में बताया गया कि 10 लाख रू. से अधिक राशि के ट्रांजेक्शन होने की स्थिति में आयकर विभाग को भी सूचना देना अनिवार्य होगा।  
बैठक में बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य से जुड़े शासकीय विभागों के लेडलाइन फोन तथा मोबाइल नेटवर्क में कोई समस्या न आए यह सुनिश्चित किया जाये। बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अन्य मोबाइल नेटवर्क वाली कम्पनियों को भी इन निर्देशों की सूचना दें। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गढ़पाले ने बैठक में बीएसएनएल के अधिकारियों से कहा कि जिला एवं एसडीएम स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्षों तथा मतदान सामग्री वितरण व मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम स्थित सभी लेडलाइन फोन निर्बाध रूप से चालू रहे, यह भी सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने डाक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकसभा निर्वाचन से संबंधित मतदान दलों के प्रशिक्षण स्थल पर बनाए गए सुविधा केन्द्रों पर प्राप्त शासकीय कर्मचारियों के डाकमत पत्र, डाक विभाग द्वारा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाये। डाक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 4 से 18 मई तक ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये कि एक जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी इन तिथियों में प्रतिदिन अपरान्ह 3 बजे रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में विगत 24 घंटे में प्राप्त डाकमत पत्रों के सीलबंद लिफाफे उपलब्ध कराये तथा उसकी लिखित पावती प्राप्त करें। इन सीलबंद लिफाफों को राजनैतिक दलों व निर्वाचन में शामिल अभ्यार्थियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए जिला कोषालय खण्डवा के स्ट्रांग रूम में प्रतिदिन संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा रखे जायेंगे। 

No comments:

Post a Comment