Wednesday, 10 April 2019

सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करें 
- कलेक्टर श्री गढ़पाले


खण्डवा 10 अप्रैल, 2019 - जिले के सभी मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त बी.एल.ओ. अपने नियमित कार्यो के साथ साथ लोकसभा निर्वाचन के मतदान से पूर्व क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें तथा अपने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। ग्रामीणों को ईव्हीएम व वीवीपैट संचालन के बारे में भी बी.एल.ओ. बतायें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने स्थानीय गौरीकुंज सभागृह में बुधवार को आयोजित बी.एल.ओ. के प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन बी.एल.ओ. को मतदाता सुविधा केन्द्र में उपस्थित रहकर मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने, एसडीएम पंधाना श्रीमती अनुभा जैन सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने उपस्थित बी.एल.ओ. से कहा कि जिन नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में नही जुड़े है उन्हें बताए कि नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से वे अभी भी अपने नाम जुड़वा सकते है। उन्होंने सभी बीएलओ से कहा कि मतदान केन्द्रों पर मतदान के दिन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में पीठासीन अधिकारी को सहयोग करे, यदि मतदान के दिन कोई अव्यवस्था होती है तो निकटतम कन्ट्रोल रूम या सहायक रिटर्निंग अधिकारी अथवा सेक्टर अधिकारी को उसकी तत्काल सूचना दें। उन्होंने सभी बी.एल.ओ. से कहा कि लोकसभा निर्वाचन के दौरान वे पूर्णतः निष्पक्ष होकर कार्य करें। कुछ बी.एल.ओ. की मांग पर कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि उन्हें शीघ्र ही फोटो युक्त परिचय पत्र उपलब्ध करा दिए जायेंगे, ताकि निर्वाचन के दौरान उन्हें असुविधा न हो। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि बी.एल.ओ. के पास जितने भी फोटो युक्त मतदाता परिचय पत्र वितरण के लिए शेष है उन्हें तत्काल वितरित करें तथा मतदाता पर्चियां भी सभी मतदाताओं के घर जाकर वितरित करें एवं मतदाताओं को बताए कि इस बार मतदाता पर्ची के आधार पर मतदाता की पहचान नही होगी, बल्कि 12 अन्य दस्तावेज पहचान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किए गए है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव से यह शिकायत आती है कि बड़ी संख्या में मतदाता सूची में स्थानीय ग्रामीणों के नाम जोड़ने से छूट गए है तो संबंधित बी.एल.ओ. के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी बी.एल.ओ. को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। 

No comments:

Post a Comment