समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं का शीघ्रता से परिवहन व भण्डारण करायें
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में दिए निर्देश
खण्डवा 8 अप्रैल, 2019 - इन दिनों समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य जारी है। प्रतिदिन समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं को बारदाने में भरकर व मशीन से सिलाई कर परिवहन कराया जाये तथा निर्धारित वेयर हाउस को भिजवाया जायें। अगले कुछ दिनों तक गेहूं परिवहन के लिए अतिरिक्त ट्रक की व्यवस्था की जाये, ताकि खरीदा गया गेहूं शीघ्रता से भण्डार गृहों तक सुरक्षित पहुंच जाये। यह निर्देश कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी व वेयर हाउस कार्पोरेशन के अधिकारियों को दिए। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री जगदीश बिल्लौरे को गेहूं परिवहन के कार्य के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था के लिए कहा। गेहूं खरीदी कार्य में परिवहन व भण्डारण संबंधी व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर श्री गढ़पाले ने जिला विपणन अधिकारी व वेयर हाउस कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नर्मदा जल की पाईप लाइन में लीकेज की समस्या को रोकने के प्रभावी उपाय करें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में पेयजल समस्या न हो इसके लिए सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या से निपटने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में सभी ट्यूबवेल सूख जाने व खराब होने संबंधी समस्या के कारण पेयजल की किल्लत को वहां निजी नलकूप का अधिग्रहण कर पेयजल समस्या का निराकरण किया जा सके। उन्होंने बाल सुधार व संरक्षण गृहों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा इनके नियमित निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय महिला अधिकारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग को दिए।
No comments:
Post a Comment