ग्रामीणों को उनके गांव में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराये जायें
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए निर्देश
खण्डवा 5 अप्रैल, 2019 - कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा के तहत संचालित निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र के ग्रामों में ग्रामीणों को उनकी मांग के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि रोजगार के अवसरों के अभाव में किसी भी ग्रामीण को अन्यत्र पलायन न करना पड़े। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा व मनरेगा के सहायक यंत्री भी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या उत्पन्न न हो यह ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा कि यदि कही से पेयजल संकट या पेयजल स्त्रोत में खराबी की शिकायत प्राप्त हो तो उसका तुरंत निराकरण करें। उन्होंने सभी हेण्डपम्पों के आसपास सोख्ता गड्ढे बनवाने के लिए भी निर्देश दिए, ताकि हेण्डपम्पों का जल स्तर कम न हो। बैठक में उन्होंने नदी पुनर्जीवन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि कावेरी नदी के अलावा भी अन्य विलुप्त प्रायः नदियों के संरक्षण के लिए कार्य योजना बनाये तथा अन्य आवश्यक तैयारियां अभी से कर लें एवं निर्वाचन प्रक्रिया के बाद नदी पुनर्जीवन अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्य प्रारंभ करें।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने आगामी दो माह में निर्माण कार्यो की गति बढ़ाकर, वर्षा से पूर्व सभी प्रचलित निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। जिला पंचायत के सीईओ श्री नागेन्द्र ने इस अवसर पर निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में वर्मीकम्पोस्ट तैयार करने के लिए पिट बनवाये जाये। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में नाडेप टांके तैयार कराने के लिए भी कहा, ताकि गावं का कचरा उसमें उपयोग में आ सके, इससे गांव में सफाई तो होगी ही साथ ही जैविक खाद भी तैयार हो सकेगी और ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा।
No comments:
Post a Comment