सेक्टर अधिकारी व उड़नदस्ता प्रभारी चौबीसों घंटे सजग रहकर कार्य करें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले
खण्डवा 5 अप्रैल, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों व उड़नदस्ता दलों के अधिकारियों की बैठक लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विषेष गढ़पाले ने निर्देश दिए कि आचार संहिता उल्लंघन की कोई भी शिकायत प्राप्त होने पर उड़न दस्ते में नियुक्त अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घटना की वीडियोग्राफी कराकर आवश्यक कार्यवाही करें और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारी व उड़नदस्ता प्रभारी केवल कार्यालयीन समय में ड्यूटी न करे, बल्कि लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान चौबीसों घंटे सजग रहकर कार्य करें। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होते ही तो तुरंत कार्यवाही करे ही, साथ ही स्वप्रेरणा से भी भ्रमण कर आदर्श आचरण संहिता के पालन का जायजा लें। आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर प्रभावी कार्यवाही करें तथा आवश्यकतानुसार प्रकरण दर्ज करायें। मतदान के दिन सभी सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पीठासीन अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर मतदान की जानकारी कन्ट्रोल रूम को देते रहे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि सेक्टर अधिकारी व उड़नदस्ता प्रभारी पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष रहकर कार्य करें। उन्होंने इस दौरान बताया कि सभा, जुलुस व रैली की अनुमति सुविधा पार्टल के माध्यम से ऑनलाइन दी जायेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी वाहनों जिनमें ईव्हीएम का परिवहन होगा उनमें जीपीएस सिस्टम अनिवार्यतः लगाया जायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने उड़नदस्ता के प्रभारी अधिकारियों से कहा कि कहीं भी किसी से विवाद ने करे, बल्कि विवादास्पद घटना की पूरी वीडियोग्राफी हर एंगल से करा लें ताकि इस घटना के लिए जिम्मेदार ऐसे व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा सके। उड़नदस्ता प्रभारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि भ्रमण के दौरान चुनाव प्रचार कार्य में लगे वाहनों को रोककर पूछताछ करें। उन्होंने उड़नदस्ता दलों द्वारा अब तक आबकारी अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्यवाही की जानकारी बैठक में ली। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व कोई भी बाहरी व्यक्ति किसी भी विधानसभा क्षेत्र में नही रूक सकता है। आयोग के इन निर्देशों के तहत आवश्यक कार्यवाही की जाये।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि ईव्हीएम युक्त सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जायेगा। अतः सेक्टर अधिकारी यह ध्यान रखे कि मतदान के एक दिन पूर्व सामग्री वितरण स्थल से रवाना होकर सेक्टर अधिकारी सीधे अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर ही जायें तथा क्षेत्र के किसी निर्धारित मतदान केन्द्र पर ही रात्रि विश्राम करें। मतदान के दिन सेक्टर अधिकारी मॉकपोल के बाद अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों से मॉकपोल संबंधी प्रमाण पत्र अवश्य प्राप्त कर लें तथा शाम के समय स्ट्रांग रूम स्थित सामग्री जमा कराने वाले स्थल पर उसे जमा करायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने सेक्टर के सभी मतदान दलों की सामग्री जमा कराने के बाद कलेक्टर से बिना मिले नही जायेंगे। उन्होंने उड़नदस्ता प्रभारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उनके क्षेत्र में आयोजित विवाह कार्यक्रमों व धार्मिक कार्यक्रमों पर भी नजर रखे कि इन कार्यक्रमों में कोई जनप्रतिनिधि राजनैतिक गतिविधि तो नही कर रहा है।
No comments:
Post a Comment