AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 13 February 2019

‘कन्या विवाह योजना‘ की मदद से बेटी के हाथ पीले कर बहुत खुश है हरेराम

खुशियों की दास्तां

‘कन्या विवाह योजना‘ की मदद से बेटी के हाथ पीले कर बहुत खुश है हरेराम

खण्डवा 13 फरवरी, 2019 - खण्डवा जिले के पुनासा विकासखण्ड के ग्राम पछाया निवासी हरेराम पिछले कई वर्षो से इस चिंता में डूबा रहता कि गरीबी के कारण कैसे वह अपनी बेटी ललिता के हाथ पीले कर सकेगा। हरेराम ने अपनी बेटी ललिता के लिए लड़का तो देख रखा था, लेकिन गरीबी के कारण अपनी बिटिया की शादी करना उसके लिए अत्यंत कठिन लग रहा था। एक दिन किसी ने उसे बताया कि गरीबों की बेटियों के हाथ पीले करने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सरकारी खर्चे से सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाते है साथ ही इन सम्मेलनों में सरकारी खर्चे पर ही कन्या को उपहार सामग्री भी दी जाती है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने उपहार की यह राशि 25 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रू. कर दी है। हरेराम ने पंचायत में इस योजना के बारे में पता लगाया तो उसे ज्ञात हुआ कि बसंत पंचमी के अवसर पर हथिया बाबा मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हो रहा है। हरेराम ने तुरंत तोरनी निवासी अपने समधी महेश से इस संबंध में चर्चा की और दोनों पक्षों के रिश्तेदार इसके लिए तैयार हो गए।
          बसंत पंचमी के अवसर पर नेतन गांव के पास स्थित हथिया बाबा परिसर में अपनी पुत्री ललिता का विवाह ग्राम तोरनी निवासी गणेश से करके अब हरेराम बहुत खुश है, क्योंकि उसकी बहुत बड़ी समस्या हल हो गई है। हरेराम बताता है कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में उसकी पुत्री के विवाह के अवसर पर वर वधू को सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान, पूर्व सांसद श्री अरूण यादव, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल ने भी आर्शीवाद दिया। विधायक श्री नारायण पटेल ने इस अवसर पर वर वधुओं को आर्शीवाद देते हुए अपने संबोधन में कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कुल 25 हजार रू. के उपहार नववधू को दिए जाते थे, पिछले दिनों मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कन्या विवाह योजना के तहत दी जाने वाली राशि 25 हजार से बढ़ाकर 51 हजार कर दी है। वधू ललिता भी इस बड़ी हुई उपहार राशि को पाकर अब बहुत खुश है।

No comments:

Post a Comment