AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 13 February 2019

कलेक्टर श्री गढ़पाले ने पुनासा क्षेत्र के ग्रामों का किया दौरा

कलेक्टर श्री गढ़पाले ने पुनासा क्षेत्र के ग्रामों का किया दौरा
मोटर साइकिल की सवारी कर कावेरी नदी पुर्नजीवन कार्यो की तैयारियों को देखा



खण्डवा 13 फरवरी, 2019 - कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने बुधवार को पुनासा विकासखण्ड के दूरस्थ ग्रामों का दौरा कर वहां संचालित आंगनवाड़ी केन्द्र, ग्राम आरोग्य केन्द्र, निर्मित हो रहे तालाब, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत चयनित विलुप्तप्राय कावेरी नदी के पुर्नजीवन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा दुर्गम क्षेत्र में मोटर साइकिल से पहुंचकर लिया। इस दौरान जनपद पंचायत पुनासा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनीष भारद्वाज, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा भी उनके साथ थे। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने इस दौरान ग्राम भगवानपुरा, अटूट खास, देतगांव, मोहना, कोदवार का दौरा किया तथा पुनासा विकासखण्ड के उपयंत्रियों व पंचायत सचिवों की बैठक लेकर वहां संचालित निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र भी मौजूद थे। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने भ्रमण के दौरान मूंदी के शासकीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में औषधि भण्डार कक्ष को देखा तथा उपलब्ध दवाओं की स्टाॅक पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल भवन के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मूंदी अस्पताल के लेखापाल श्री भवेश महेश्वरी का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। ग्राम देतगांव में उन्होंने आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया तथा बच्चों को बिस्किट वितरित किए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने आंगनवाड़ी में मेन्यू अनुसार पोषण आहार न दिए जाने पर पोषण आहार तैयार करने वाले स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ता व आंगनवाडी कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि मीजल्स रूबेला टीकाकरण अभियान में जो बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए है , उनका टीकाकरण जरूर करायें।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने ग्राम कोदवार में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्कूल में बच्चों के टेस्ट नियमित रूप से नही लिए जा रहे है, जिस पर उन्होंने संकुल अकादमिक समन्वयक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से चर्चा कर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कोदवार के विद्यालय में 4 शिक्षक श्री पारस पंवार, राकेश मालवीय, मुकेश निगवाल व बक्तावर बघेल अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने चारों शिक्षकों का एक-एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कोदवार की आंगनवाड़ी का भी निरीक्षण किया तथा आंगनवाड़ी में साफ सफाई रखने के निर्देश कार्यकर्ता को दिए। आंगनवाड़ी में गर्भवती महिलाओं की पंजी का निरीक्षण भी उन्होंने किया तथा उनके भौतिक सत्यापन के लिए कलेक्टर श्री गढ़पाले ने गर्भवती महिलाओं के घर जाकर महिलाओं से टीकाकरण की जानकारी ली। 
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने भगवानपुरा की प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से चर्चा कर साप्ताहिक टेस्ट की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि साप्ताहिक टेस्ट नही हो रहे है, जिस पर उन्होंने इस क्षेत्र के संकुल अकादमिक समन्वयक का वेतन भुगतान रोकने के निर्देश दिए। भगवानपुरा में उन्होंने आंगनवाड़ी क्रमांक 1 का निरीक्षण भी किया तथा पाया कि पोषण आहार बच्चों को समय पर  नही दिया गया था, जिस पर उन्होंने संबंधित स्वसहायता समूह को पोषण आहार तैयार करने के कार्य से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र में टीकाकरण पंजी का भी अवलोकन किया तथा उपस्थित महिलाओं व बच्चों से टीकाकरण की जानकारी ली। 
उपयंत्रियों व सचिवों की बैठक लेकर पुनासा विकासखण्ड के निर्माण कार्यो की समीक्षा की
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने पुनासा विकासखण्ड के पंचायत सचिवों, उपयंत्रियों व ग्राम रोजगार सहायको की बैठक लेकर विकासखण्ड में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में कहा कि लापरवाही करने वाले रोजगार सहायकों व उपयंत्रियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में पुनासा विकासखण्ड में संचालित एक-एक निर्माण कार्य की विस्तार से समीक्षा की तथा पंचायत सचिवों व सभी उपयंत्रियों को निर्देष दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संचालित शासकीय निर्माण कार्यो को निर्धारित गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से पूर्ण कराये। 

No comments:

Post a Comment