निराश्रित गौवंश की देखरेख के लिए जिले में 7 गौ शालाएं स्थापित होंगी
गौ शालाओं के संचालन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
खण्डवा 11 फरवरी, 2019 - मध्यप्रदेश में निराश्रित गौवंश की समुचित व्यवस्था हेतु गौशाला का निर्माण एवं संचालन किया जायेगा। गौशालाओं का निर्माण कराने के लिए नोडल विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग रहेगा। गौशालाओं का निर्माण मनरेगा योजना के अंतर्गत कराया जायेगा। गौशालाओं के संचालन एवं अनुश्रवण का नोडल विभाग पशुपालन होगा। इस परियोजना में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इस हेतु जिला स्तर पर कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति के सदस्य सचिव के रूप में उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें शामिल है। इसके अलावा सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक, जिला वन मण्डल अधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महाप्रबंधक विद्युत वितरण कम्पनी, उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, सहायक संचालक उद्यानिकी, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामीण आजीविका परियोजना को शामिल किया गया है।
जिला स्तरीय समिति की पहली बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री गढ़पाले की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डों में एक-एक गौ शाला स्थापित की जाना है। प्रत्येक गौ शाला के लिए एक एकड़ क्षेत्र सुरक्षित किया जायेगा। साथ ही गौ शाला के आसपास 6 एकड़ क्षेत्र में चारागाह के लिए भूमि आरक्षित की जायेगी। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी एसडीएम को गौ शालाओं व इससे संबंधित चारगाहों के लिए भूमि आरक्षित करने के लिए कहा। उपसंचालक पशु चिकित्सा श्री जितेन्द्र कुल्हारे ने बैठक में बताया कि जिले में लगभग 2300 निराश्रित गौवंश है। इन्हें जिले की 7 गौ शालाओं में रखा जायेगा। उन्होंने बताया कि गौ शालाओं के संचालन के लिए अनुविभागीय स्तर पर गौशाला परियोजना समन्वय समिति गठित की गई है। जिनके अध्यक्ष अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रहेंगे। जबकि सदस्य सचिव के रूप में पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी पशुपालन विभाग को शामिल किया गया है। इसके अलावा समिति में सदस्य के रूप में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी वन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगर पालिका, नगर निगम अधिकारी, सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, अनुभाग अधिकारी विद्युत वितरण कम्पनी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ उद्यानिकी अधिकारी को शामिल किया गया है।
No comments:
Post a Comment