AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Tuesday, 12 February 2019

तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक में 500 रुपये की वृद्धि

तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक में 500 रुपये की वृद्धि
बोनस और पारिश्रमिक का गांव में ही तेन्दूपत्ता संग्राहक को होगा नगद भुगतान

खण्डवा 12 फरवरी, 2019 - राज्य शासन ने तेन्दूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर में 500 रुपये प्रति मानक बोरा की वृद्धि की है। अब संग्राहकों को 2000 रुपये के स्थान पर 2500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक का भुगतान किया जायेगा। संग्राहकों को पारिश्रमिक और बोनस का नगद भुगतान किया जायेगा। राज्य सरकार ने अपने वचन-पत्र में वनोपज संग्राहकों से किया गया वादा पूरा कर दिया है। पारिश्रमिक में 500 रुपये की वृद्धि किये जाने से संग्राहकों को आगामी सीजन में प्रदेश में 110 करोड़ रुपये से भी अधिक पारिश्रमिक का भुगतान किया जायेगा। राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 33 लाख 12 हजार संग्राहक लाभान्वित होंगे और लगभग 22 लाख तेन्दूपत्ता मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण संभव होगा।
प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों के तेंदूपत्ता संग्राहक ई-पेंमेंट सिस्टम से बहुत परेशान थे। संग्राहकों को कई बार 15 से 20 किलोमीटर तक का सफर तय कर बैंक तक पहुँचना पड़ता था। ग्रामीण इलाकों में अपेक्षाकृत छोटे बैंक हैं, जिनमें राशि भी कम ही रहती है। संग्राहक अक्सर अपना कामकाज छोड़ कर जब शाम तक बैंक पहुँचते थे, तो राशि खत्म हो जाने के कारण इन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता था। अब वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पहले से ही गाँव में जाकर संग्राहकों को भुगतान के लिए निर्धारित दिन और समय की सूचना देंगे। निर्धारित समय पर नोडल ऑफीसर वहाँ जाकर उन्हें नगद भुगतान करेंगे। इससे संग्राहक को कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। वन विभाग खुद संग्राहक के पास पहुँचेगा। 

No comments:

Post a Comment