सोमवती अमावस्या को नर्मदा नदी में जल स्तर एक समान बनाए रखें
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में दिए निर्देश
खण्डवा 8 जनवरी, 2019 - आगामी 4 फरवरी को सोमवती अमावस्या के अवसर पर ओंकारेश्वर में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के आगमन की संभावना को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने एनएचडीसी व एनव्हीडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे 3 फरवरी को प्रातः 5 बजे से सायं 7 बजे तक तथा 4 फरवरी को प्रातः 5 बजे से नर्मदा नदी में जल स्तर एक समान रखे, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि आगामी 4 फरवरी को सोमवती अमावस्या के अवसर पर सभी चार पहिया वाहन नवीन बस स्टेण्ड पर ही रोके जाये। इसके अलावा नदी किनारे घाटो पर तीर्थ यात्रियों के स्नान, पूजन करते समय सुरक्षा नावों की व्यवस्था की जाये। इन नावों की पहचान के लिए इन पर लाल झण्डे व बड़े फ्लेक्स लगाए जायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में निर्देश दिए कि नदी के मार्गो, बस स्टेण्ड, परिक्रमा मार्ग पर विद्युत व प्रकाश व्यवस्था की जाये। साथ ही उन्होंने आवारा पशुओं को नगर के बाहर छुड़वाने, तीर्थ यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था करने, घाटो पर तैराक नियुक्त करने, वाहनों में ओवर लोडिंग न होने देने की व्यवस्था के लिए भी एसडीएम को निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्थाई स्वास्थ्य केन्द्र ओंकारेश्वर व खेड़ी घाट पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
No comments:
Post a Comment