AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 10 August 2018

चौथा जल-महोत्सव हनुवंतिया में आगामी 8 दिसम्बंर से 7 जनवरी तक

चौथा जल-महोत्सव हनुवंतिया में आगामी 8 दिसम्बंर से 7 जनवरी तक

खण्डवा 10 अगस्त, 2018 - प्रदेश के प्रतिष्ठित जल-महोत्सव चतुर्थ का शुभारंभ इस साल आगामी 8 दिसम्बर से होगा। तकरीबन 31 दिन तक चलने वाले चौथे जल-महोत्सव का समापन आगामी 7 जनवरी 2019 को होगा। इस तरह चौथे जल-महोत्सव में सैलानी वर्षांत दिसम्बर माह और साल 2019 की शुरूआत का लुत्फ उठा सकेंगे। इस बार जल-महोत्सव के दौरान एडवेंचर गतिविधियों पर विशेष रूप से फोकस रहेगा।
चौथे जल-महोत्सव आयोजन की आरंभिक तैयारियों संबंधी बैठक में यह जानकारी दी गई। इस मौके पर पर्यटन विकास निगम के एम.डी. श्री टी. इलैया राजा और टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक श्रीमती भावना वालिम्बे सहित पर्यटन निगम और टूरिज्म बोर्ड के संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि चौथे जल-महोत्सव में इस साल तकरीबन 104 टेंट लगाए जायेंगे।
उल्लास, उमंग और उत्साह से सराबोर जल-महोत्सव में सैलानियों की सहूलियत के लिये वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हनुवंतिया में विभिन्न सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएगी। जल-महोत्सव के दौरान जल, जमीन और आकाश की विभिन्न साहसिक गतिविधियाँ होंगी। जल-महोत्सव में वॉटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों के साथ रोमांचक और साहसिक खेलों की गतिविधियाँ भी की जायेगी। बैठक में जल-महोत्सव के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये।

No comments:

Post a Comment