सभी अधिकारी मुख्यालय पर ही रहें, अन्यथा होगी सख्त कार्यवाही
कलेक्टर ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
खण्डवा 12 अप्रैल, 2021 - जिले के सभी अधिकारी अपने मुख्यालय पर ही रहें तथा बिना अनुमति के न मुख्यालय छोड़े और न ही अवकाश पर जायें। कोविड-19 के बढ़ते सक्रमण को ध्यान में रखते हुए जिस अधिकारी की जहां ड्यूटी लगाई जायेगी उसे पूरी निष्ठा और संयम के साथ करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन व श्री एस.एल. सिंघाड़े, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, सहायक कलेक्टर श्री श्रैयांश कुमट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश परिहार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि कोविड संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति कम से कम दी जायें तथ सीमित संख्या का पालन करने की हिदायत के साथ अनुमति दी जायें। उन्होंने कहा कि वैवाहिक कार्यक्रमों के मामलें में केवल परिवारजनों को ही उपस्थित रहने की समझाइश दी जायें तथा 50 से अधिक लोगों के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति न दी जायें। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से फीडबैक लेने के लिए वीडियो कॉल किया जायें और उनसे अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था, मरीजों से डॉक्टर्स का व्यवहार, भोजन की गुणवत्ता तथा साफ सफाई के संबंध में फीडबैक लिया जायें। सभी एसडीएम व एसडीओपी अपने अपने क्षेत्र में टीम वर्क के साथ कार्य करें तथा तहसील स्तर पर भी कन्ट्रोल रूम स्थापित करें एवं अपना सूचना तंत्र मजबूत रखें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेण्डर की व्यवस्था के प्रभारी अपर कलेक्टर श्री सिंघाड़े रहेंगे। उन्होंने आरटीओ श्री जगदीश बिल्लौरे को श्री सिंघाड़े के साथ समन्वय बनाकर ऑक्सीजन सिलेण्डर्स के परिवहन के लिए वाहन समय समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
No comments:
Post a Comment