चैत्र (भूतड़ी) अमावस्या पर सिंगाजी व ओंकारेश्वर में मेला नहीं लगेगा
11 व 12 अप्रैल को नर्मदा स्नान व ज्योतिर्लिंग दर्शन पर भी रहेगा प्रतिबंध
एसडीएम पुनासा ने जारी किए आदेश
खण्डवा 10 अप्रैल, 2021 - एसडीएम पुनासा श्री चंदर सिंह सोलंकी ने चैत्र (भूतड़ी) अमावस्या के अवसर पर ओंकारेश्वर एवं सिंगाजी समाधि स्थल पर आयोजित होने वाले मेले के आयोजन को स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चूंकि कोविड-19 संक्रमण बढ़ रहा हैं, ऐसे में मेले व स्नान पर्व के कारण कोरोना संक्रमण और अधिक फैलने की आशंका हैं, इसलिए 11 व 12 अप्रैल को भूतड़ी अमावस्या पर ओंकारेश्वर व सिंगाजी में नर्मदा स्नान तथा ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन को प्रतिबंधित किया गया है। एसडीएम श्री सोलंकी ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी खण्डवा द्वारा धारा 144 के तहत आदेश जारी कर जिले की सम्पूर्ण सीमा में मेलों के आयोजन पर प्रतिबंध लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि भूतड़ी अमावस्या पर खरगोन, बड़वानी, देवास, उज्जैन, इंदौर, हरदा, बुरहानपुर, होशंगाबाद, बैतूल, शाजापुर, आगर मालवा, धार, अलिराजपुर, झाबुआ, सिहोर व रायसेन जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर वर्ष आते है।
No comments:
Post a Comment