मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खण्डवा जिले में कोरोना संक्रमण की जानकारी ली
खण्डवा 18 मार्च, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार शाम को प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलेक्टर्स व संभागायुक्तों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर कोरोना संक्रमण से उत्पन्न स्थिति व रोकथाम के उपायों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी से चर्चा कर यहां कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपायों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि महाराष्ट्र सीमा से लगे जिलों से महाराष्ट्र की ओर जाने व आने वाली बसों का संचालन शनिवार से बंद किया जायें। उन्होंने कोविड मरीजों से दिन में 2 बार वीडियो कॉल कर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला स्तरीय कोविड कमांड सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने इस दौरान सभी कलेक्टर्स को अपने अपने जिले के पॉजिटिव मरीजों की जानकारी सार्थक एप व पोर्टल पर अद्यतन करने के लिए भी कहा।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान को बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रोको टोको अभियान तथा जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जा रहा है। एन.सी.सी. एनएसएस, जनअभियान परिषद व नेहरू युवा केन्द्र जैसे संगठनों के माध्यम से युवाओं को मास्क वितरण में भी लगाया है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में कोविड मरीजों के लिए 90 पलंग की सुविधा उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान को बताया कि जिले में गुरूवार को 22 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं है, इस तरह कुल एक्टिव केस जिले में 101 हो गए है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कुल 25 मरीज हॉस्पिटल आइसोलेशन में है, जबकि 68 मरीज होम आइसोलेशन में है। जिले में गत एक वर्ष में अभी तक कुल 2533 मरीज पॉजिटिव पाए जा चुके है। उन्होंने बताया कि गुरूवार को प्राप्त कोरोना जांच रिपोर्ट में कुल 407 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आईं है। गुरूवार को 9 मरीजों को स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है।

No comments:
Post a Comment