शिवरात्रि पर ओंकारेश्वर, खण्डवा व रूस्तमपुर की यातायात व पार्किंग व्यवस्था
खण्डवा 9 मार्च, 2021 - महाशिवरात्रि पर्व पर ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं नर्मदा स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने वाहन पार्किंग एवं वाहनों के आवागमन की व्यवस्था में बदलाव किया है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष कोल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ये बदलाव किए गए है। उन्होंने बताया कि चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था कुबेर भण्डारी , ट्रेचिंग ग्राउण्ड , पुराना बस स्टेण्डगजानन आश्रम के सामने की गई है। बालवाडी पार्किंग स्थल पर दो पहिया वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी।
वाहनों की डायवर्सन व्यवस्था
ओंकारेश्वर में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान इंदौर से इच्छापुर की ओर आने वाले भारी वाहनो को तेजाजी बायपास से डायवर्ट किया जावेगा एवं इच्छापुर से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहनो को देशगांव चौकी तिराहे से डायवर्ट कर भारी वाहनो को खरगोन की ओर भेजा जावेगा।
खण्डवा में महादेवगढ़ शिव बारात व्यवस्था
महाशिवरात्रि पर्व के दौरान हिन्दू जागरण मंच के द्वारा खण्डवा में भोलेनाथ की बारात भी निकाला जाना है जो दादाजी मंदिर गौशाला तिराहे से प्रारम्भ होकर महादेवगढ़ पर समाप्त होगी जिसमें भी अधिक संख्या मे श्रद्धालुओं के आने की संभावना है जिसके लिये निम्न प्रकार की व्यवस्था रहेगी -
खण्डवा में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
दो पहिया वाहनो के लिये पार्किंग:- पुरानी अनाज मंडी भवानी माता से गौशाला चौराहे तक दो पहिया , चार पहिया वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगे। जलेबी चौक से निकलने वाले भारी वाहनों को उस दौरान एकांकी मार्ग, मानसिंग से कहारवाडी की ओर गुजारा जावेगा। इतवारा बाजार से ट्रकों एवं अन्य चार पहिया वाहनो को सम्पूर्णतः हटाया जाकर नो पार्किंग जोन बनाया जावेगा।
रूस्तमपुर में शिव मंदिर व्यवस्था
ग्राम रूस्तमपुर में भी शिवरात्रि के दौरान मेले का आयोजन होना है जिसमे भी अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है अतः डुल्हार फाटा व बोरगांव चौकी पर बल लगाया जावेगा। यह व्यवस्था लगातार चलती रहेगी जो यातायात के दबाव को देखते हुये शिथिल की जावेगी। डीएसपी ट्राफिक श्री कोल ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अव्यवस्था से बचने हेतु परिवर्तित यातायात व पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि असुविधा न हो।
No comments:
Post a Comment