सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें
खण्डवा 15 मार्च, 2021 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी जिला अधिकारियों तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र व विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों पर पात्रता अनुसार आवेदक को शासकीय मदद दी जा सकती है, उन्हें मदद उपलब्ध करायें। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने रबी फसलों के उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा भी की।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि हितग्राही सम्पर्क शिविरों में यह देखा जा रहा है कि कुछ विभागों के अधिकारी लगातार अनुपस्थित रहते है, ऐसे अधिकारियों के विरूद्ध वेतन काटने जैसी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ वन ग्रामों में आयेाजित हितग्राही सम्पर्क शिविरों में तथा कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठकों में आवश्यक रूप से उपस्थित रहे। बैठक में अनुपस्थित जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री का वेतन काटने के निर्देश भी कलेक्टर श्री द्विवेदी ने दिए। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्यान्न की व्यवस्था सुनिश्चित की जायें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने अपने कार्यालय के आसपास अवैध अतिक्रमण या कब्जा किसी भी व्यक्ति द्वारा किया जाता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग प्रमुख की होगी तथा उन पर कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड बनवाये जाने की प्रगति के बारे में जानकारी ली और कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनवाये जायें। साथ ही उन्होंने एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत की जा रही तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की बैठक आयोजित करें और उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों के बारे में पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा जायें तथा जिन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा पालन सुनिश्चित नहीं किया जाये तो उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों से सोशल डिस्टेसिंग, मास्क, रोको टोको संबंधी सूचनाएं प्रसारित करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करें तथा जिन नागरिकों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जाता है तो उस पर जुर्माने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
No comments:
Post a Comment