‘नगरोदय‘ कार्यक्रम में विधायक श्री वर्मा ने हितग्राहियों को वितरित की मदद
खण्डवा 12 मार्च, 2021 - मिशन नगरोदय कार्यक्रम पुरानी कृषि उपज मण्डी परिसर में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता वितरित की। कार्यक्रम में 300 से अधिक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किश्त प्रदाय की गई। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेण्डर्स को 10-10 हजार रूपये की मदद दी गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के हितग्राहियों को भी आर्थिक मदद दी गई। क्षेत्रीय विधायक श्री वर्मा ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि गत एक वर्ष में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट ने अगले 5 वर्षो में शहर के विकास के लिए बनाई गई कार्य योजना के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में श्री राजेश डोंगरे, श्री हरीश कोटवाले, श्री सुधांशु जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में अगले 5 वर्ष के नगर विकास की कार्ययोजना का विमोचन भी उपस्थित अतिथियों ने किया। इस दौरान भोपाल में आयोजित मिशन नगरोदय के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कन्यापूजन कर किया गया।
विधायक श्री वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अगले कुछ वर्षो में शहर में सड़कों का जाल बिछ जायेगा। उन्होंने कहा कि लगभग 300 करोड़ रूपये लागत की सड़कें शहर में बनाकर शहर के एक कोने को दूसरे कोने से जोड़कर नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि शहर में 3 स्थानों पर 10 रूपये में भरपेट भोजन की व्यवस्था गरीब मजदूरों के लिए दीनदयाल रसोई के माध्यम से की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खण्डवा शहर के लिए 107 करोड़ का बायपास मार्ग स्वीकृत करवाया है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री जी ने खण्डवा नगर की पेयजल योजना के लिए उच्च स्तरीय बैठक भोपाल में लेकर उसकी विस्तृत समीक्षा की है। विधायक श्री वर्मा ने कहा कि शहर में 3 करोड़ रूपये लागत की स्मार्ट रोड भी स्वीकृत की गई है, जो आनंद नगर क्षेत्र में निर्मित की जायेगी।
विधायक श्री वर्मा ने कहा कि स्ट्रीट वेण्डर्स के व्यवसाय को गति देने के लिए स्वनिधि योजना के तहत उन्हें 10-10 हजार रूपये की आर्थिक मदद दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 8-8 लाख रूपये लागत के आवास गरीबों को मात्र 2-2 लाख रूपये में आसान किश्तों में दिए जा रहे है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में गरीबों, मजदूरों, किसानों सहित आर्थिक रूप से पिछड़े सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण किया गया
खण्डवा की पुरानी कृषि उपज मण्डी प्रागंण में आयोजित मिशन नगरोदय कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया गया तथा उनके चित्र पर विधायक श्री वर्मा व अन्य अतिथियों ने माल्यार्पण किया।
निर्माण कार्यो का किया लोकार्पण
मिशन नगरोदय कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री वर्मा ने शहर में स्वीकृत विभिन्न सड़कों व पुलिया के साथ साथ ट्रांसपोर्ट नगर में विद्युत ग्रिड कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया।
इन हितग्राहियों को दी गई आर्थिक मदद
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत श्री सुरेन्द्र कटारिया, गणपत फरकले, सौरभ सेजेकर, संजय चौहान, पन्नालाल सोनी, मेरी मार्गरेट मिलियम, ईश्वर पटेल, अंगद चौरसिया, किरण पालरा, चंचला चौहान, राकेश पुरूषोत्तम, संजय वर्मा, हेमराज कण्डारे को प्रथम किश्त भुगतान के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत श्रीमती रत्नाबाई, नौशाद बी यास्मीन को घर के मुखिया की मृत्यु हो जाने पर परिवार के पालन पोषण के लिए आर्थिक मदद दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पप्पू योगी, राकेश चौहान, संजय नीलकण्ड, जागृति आश्विनी, श्यामा जोगी, सुरेश साल्वे, रवि फूलमाली, व मनोज राठौर को 10-10 हजार रूपये की आर्थिक मदद संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ऑटो रिक्शा के लिए श्री सलीम खोकर को मदद दी गई तथा संगीता बाई को कपड़ा व्यवसाय एवं भारती नीलेश को झाडू व्यवसाय के लिए आर्थिक मदद दी गई।
No comments:
Post a Comment