Sunday, 20 December 2020

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज ग्रामीण पथ विक्रेताओं को करेंगे ब्याज मुक्त ऋण का वितरण

 मुख्यमंत्री श्री चौहान आज ग्रामीण पथ विक्रेताओं को करेंगे ब्याज मुक्त ऋण का वितरण
वीडियो कान्फ्रेंस से हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे मुख्यमंत्री श्री चौहान

खण्डवा 20 दिसम्बर, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 21 दिसम्बर को प्रदेश के लगभग 20 हजार पथ विक्रेताओं को मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना के अंतर्गत 10-10 हजार रूपए के ब्याज-मुक्त ऋण का वितरण (वर्चुअली) करेंगे। कार्यक्रम मिंटो हॉल में दोपहर 03 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान कुछ जिलों के हितग्राहियों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी करेंगे। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान स्ट्रीट वेण्डर कल्याण योजना की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम के वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से सीधे प्रसारण की व्यवस्था के लिए भी एनआईसी के अधिकारियों को निर्देशित किया है।
कार्यक्रम को फेसबुक के माध्यम से  /CMmadhyapradesh/jansampark-madhyapradesh/ panchayatandrural     पर तथा ट्विटर के माध्यम से @cmmadhyapradesh,@jansamparkMP, @minprdd     पर देखा जा सकता है। इसके अलावा कार्यक्रम से सीधे जुड़ने के लिए वेबसाइट  www.mp.mygov.in पर अपना मोबाइल नंबर डालकर आसानी से रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
क्या है ‘‘मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना‘‘
‘‘मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना‘‘ में छोटे-छोटे स्ट्रीट वेण्डर्स फल, सब्जी, आइसक्रीम, ब्रेड, बिस्किट, अण्डे, जूते-चप्पल, झाड़ू, साइकिल रिपेयरिंग, बढ़ई, कुम्हार, बुनकर, धोबी, टेलर्स आदि को 10-10 हजार रूपए का ब्याज रहित ऋण उनके कार्य के लिए दिलवाया जाता है। क्रेडिट गारंटी राज्य शासन देता है। स्टाम्प ड्यूटी भी नहीं लगती। कोई भी 18 से 55 वर्ष की आयु का ग्रामीण पथ व्यवसायी इस योजना का लाभ ले सकता है।
योजना के अंतर्गत आसानी से हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ‘‘कामगार सेतु पोर्टल‘‘ संचालित किया जा रहा है, जिस पर अभी तक 8 लाख 52 हजार से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 80 हजार से अधिक हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 40 हजार से अधिक हितग्राहियों को ऋण राशि का वितरण किया जा चुका है।

No comments:

Post a Comment