Tuesday, 8 December 2020

क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक सम्पन्न

 क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक सम्पन्न

खण्डवा 8 दिसम्बर, 2020 - जिला स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे। सांसद श्री नंद कुमार सिंह चौहान नई दिल्ली स्थित अपने निवास से वीडियो कान्फें्रसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। सांसद श्री चौहान ने बैठक में कहा कि जिले में इस तरह की व्यवस्था की जाये कि विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो और उन्हें कोविड संक्रमण का खतरा भी कम से कम रहे। 

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जारी गाइड लाइन के अनुसार कक्षा 10वीं एवं 12वीं की कक्षाएं शीघ्र ही प्रारंभ की जाना है। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को मास्क लगाकर आना अनिवार्य किया जायेगा तथा सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य सावधानियों का पूरा पालन किया जाएगा, ताकि कोरोना संक्रमण का खतरा न रहे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं पूर्व की भांति जारी रखी जा सकती है, ताकि कोरोना संक्रमण से भी बचा जा सके और पढ़ाई भी नियमित रूप से जारी रहे। उन्होंने बताया कि गृह विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देश अनुसार कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों को सप्ताह में कुछ दिन स्कूल बुलवाया जा सकता है। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि विद्यार्थी स्कूलों में मार्गदर्शन के लिए पालकों की सहमति से ही कक्षा में उपस्थित हों। इस संबंध में विस्तृत चर्चा के लिए अगले एक-दो दिन में स्कूल संचालकों की बैठक आयोजित की जायेगी।

No comments:

Post a Comment