Saturday, 12 December 2020

गंभीर कोविड मरीजों के लिये आई.सी.यू. और ऑक्सीजन यूनिट की सौगात मिली

 गंभीर कोविड मरीजों के लिये आई.सी.यू. और ऑक्सीजन यूनिट की सौगात मिली
सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान व विधायकद्वय ने किया लोकार्पण


खण्डवा 12 दिसम्बर, 2020 - कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों को अब खण्डवा में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए अलग से आई.सी.यू. वार्ड तथा ऑक्सीजन यूनिट तैयार होने से मरीजों को काफी सुविधा होगी और उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों के लिए रेफर नहीं करना पड़ेगा। हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीज अब जिला चिकित्सालय में ही स्वास्थ्य लाभ ले सकेंगे। यह बात सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने शनिवार को जिला चिकित्सालय खण्डवा में नवनिर्मित कोविड-आई.सी.यू. वार्ड व ऑक्सीजन प्रदाय यूनिट के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा व श्री नारायण पटेल तथा भाजपा श्री सेवादास पटेल, पूर्व महापौर श्री सुभाष कोठारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

     सांसद श्री चौहान ने कहा कि कोविड के इन विषम हालातों में भी खण्डवा जिला चिकित्सालय अपनी उल्लेखनीय सेवाओं के लिये सदैव अग्रणी रहा है। कोविड के मरीजों के उपचार में खण्डवा अस्पताल के परिणाम सराहनीय रहे हैं यहॉं के चिकित्सक और स्टाफ कोविड पीडि़तों की सेवा में समर्पण भाव से जुटे रहे। खण्डवा ही नहीं बल्कि प्रदेष के अन्य जिलों के कोविड मरीजों को भी खण्डवा में बेहतर उपचार प्राप्त हो सका है। उन्होंने इस अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में सांसद निधि से बने ऑक्सीजन मेनीफोल्ड सिस्टम का भी लोकार्पण किया गया। सांसद श्री चौहान ने आई.सी.यू. वार्ड और ऑक्सीजन यूनिट का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

     इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि लगभग 91 लाख रूपये की लागत से बनाये गये इस नवनिर्मित आई.सी.यू. वार्ड में 10 मरीजों के भर्ती होने की व्यवस्था रहेगी। इसमें कार्डिक एवं अन्य गंभीर मरीजों के समुचित उपचार हेतु आवष्यक सभी जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध है। इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान व चिकित्सा महाविद्यालय के प्रभारी डीन डॉ. हेमंत हजारे ने जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। 

No comments:

Post a Comment