हनुवंतिया में 5 वें जल महोत्सव का शुभारंभ किया वन मंत्री डॉ. शाह ने
खण्डवा 15 दिसम्बर, 2020 - खण्डवा जिले के हनुवंतिया में 5 वें जल महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने हनुवंतिया स्थित टेंट सिटी में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि सिंगापुर भ्रमण के दौरान सेंटोसा द्वीप देखकर उनके मन में मध्यप्रदेश में भी टापूओं को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने का विचार मन में आया था, जो कि हनुवंतिया में साकार हो गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि इंदिरा सागर के बेक वाटर के पास स्थित हनुवंतिया पर्यटन स्थल का प्राकृतिक सौंदर्य अदभुत है। उन्होंने जल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सभी को शुभकामनाएॅं दी और देश व प्रदेश के पर्यटकों को हनुवंतिया आने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण पटेल, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम की अपर प्रबंधक संचालक सुश्री सोनिया मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में निमाड़ का प्रसिद्ध गणगौर लोक नृत्य श्री संजय महाजन एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वन मंत्री डॉ. शाह ने माउण्ट एवरेस्ट विजेता सुश्री भावना डेहरिया को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विगत वर्षो में प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए अनेकों कार्य किए गए है, हनुवंतिया भी उन्हीं में से एक है। वन मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के समन्वय से प्रदेश में और नए पर्यटन स्थल विकसित किए जायेंगे। पर्यटन विकास निगम की अपर प्रबंधक संचालक सुश्री सोनिया मीणा ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि हनुवंतिया में 5 वां जल महोत्सव आज से एक माह तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान साहसिक खेल गतिविधियों के साथ साथ सांस्कृतिक एवं लोक कला से संबंधित कार्यक्रम भी पर्यटकों के मनोरंजन के लिए आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि हनुवंतिया स्थित टेंट सिटी में 63 कार्टेज स्थापित किए गए है। हनुवंतिया में हॉट एयर बेलून जैसी गतिविधियां भी पर्यटकों के मनोरंजन के लिए की जा रही है।



No comments:
Post a Comment