खालवा के ग्राम सुंदरदेव में मनाई गई जननायक बिरसा मुण्डा की जयंती
वन मंत्री डॉ. शाह ने मुख्यमंत्री मदद योजना के तहत पंचायतों को बर्तन वितरित किए
खण्डवा 15 नवम्बर, 2020 - जननायक शहीद बिरसा मुण्डा की जयंती पर जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। जिले में जननायक बिरसा मुण्डा की जयंती जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। इसी क्रम में खालवा विकासखण्ड के आदिवासी बहुल ग्राम सुंदरदेव में वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य अतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री डॉ. शाह ने मुख्यमंत्री मदद योजना के अंतर्गत 5 पंचायतों के सरपंचों को सुन्दरदेव, गोगईपुर, आंवल्या, नागौत्तर एवं झारीखेड़ा को बर्तन सामग्री वितरित की है। सरपंचों को पंचायत आदिवासी परिवारों में आयोजित कार्यक्रम में उपयोग हेतु प्रत्येक पंचायत को 2 भगोने, 1 पानी की टंकी, 9 बाल्टी, तसला, 2 कढाई, परात, 4 जग, 100 गिलास, चम्मच, झारा प्रदान किए गए।
वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने आदिवासियों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की है, जिनसे उनके आर्थिक स्तर में सुधार आया है। सरकार ने गरीबों के घरों में बच्चों के जन्म से लेकर वृद्धावस्था व मृत्यु तक हर परिस्थिति के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है। संबल योजना के तहत आदिवासी गरीब मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा में मदद, घर में कन्या के विवाह के लिए प्रोत्साहन राशि जैसी अनेकों सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पट्टे वाले आदिवासी भाईयों के खेत में मनरेगा योजना के अंतर्गत तालाब निर्माण कराया जायेगा, जिसमें आदिवासी भाई अपने खेतों के एक कोने में छोटा सा तालाब बनाकर उससे सिंचाई भी कर सकते है और साथ ही मछली पालन भी कर सकते है। इसके लिए सरकार हर संभव मदद भी करेगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग के द्वारा आदिवासी भाईयों से महुआ भी उचित दाम पर खरीदा जा रहा है।
No comments:
Post a Comment