नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम के लिए खण्डवा जिले को राष्ट्रीय स्तर पर मिला पुरूस्कार
खण्डवा 11 नवम्बर, 2020 - भारत सरकार के जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्रालय द्वारा बुधवार को द्वितीय राष्ट्रीय जल पुरूस्कार प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम विज्ञान भवन नई दिल्ली में माननीय उप राष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू के मुख्य अतिथ्य व केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान खण्डवा जिले में कावेरी नदी के पुनर्जीवन के लिए गत वर्षो में किए गए सराहनीय कार्य के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह को ‘‘नदी पुनर्जीवन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रेरक जिले‘‘ का प्रथम पुरूस्कार प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में जिला प्रशासन द्वारा लगभग विलुप्त हो चुकी कावेरी नदी के पुनर्जीवन के लिए कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसके तहत इस नदी के मार्ग में आने वाले ग्रामों में कन्टूर ट्रेंच, चेक डेम, कच्चे बांध जैसी अनेकों संरचनाएं बनवाई गई। नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा कावेरी नदी के आसपास के क्षेत्र में ढाई लाख से अधिक पौधे लगाए गए। इन सब कार्यो से कावेरी नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है तथा इसके आसपास के जल स्त्रोतों का भी जल स्तर बढ़ा है। नदी पुनर्जीवन के कार्यो से लगभग 1 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता भी बढ़ी है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि कावेरी नदी जिले के 3 विकासखण्डों के 51 ग्रामों से होकर गुजरती है, इन सभी ग्रामों के जल स्त्रोतों में जल स्तर बढ़ने से कृषि उत्पादन में भी वृद्धि हुई है।
No comments:
Post a Comment