कुछ शर्तो के साथ शुरू होंगे साप्ताहिक हाट बाजार
खण्डवा 12 सितम्बर, 2020 - कोरोन वायरस के संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से समय समय पर प्रतिबंधात्मक एवं प्रशासकीय निर्देश जारी किये गये है। जिसके परिणाम स्वरूप जिले में लगने वाले हाट बाजार भी प्रभावित हुए है। वर्तमान में अनलॉक-4 के दौरान जन सामान्य की आवश्यकता एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में आने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को कुछ शर्तो के साथ संचालित करने के आदेश अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने जारी किए है। जारी आदेश अनुसार साप्ताहिक हाट बाजारों के लिए स्थान का चयन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने अधीनस्थ पंचायत समन्वय अधिकारी द्वारा किया जायेगा। साप्ताहिक हाट बाजार में चयनित स्थल पर हाथ धोने की व्यवस्था की जायें। यह आवश्यक व्यवस्था कराने का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव एवं रोजगार सहायक का होगा। साप्ताहिक हाट बाजार के लिए चयनित स्थान पर एक दुकान के लिए 10 बाय 10 अर्थात 100 वर्गफिट क्षेत्र की भूमि आवंटित की जाये, दो दुकानों के मध्य चारों और पर्याप्त दूरी रखी जावें। जारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि साप्ताहिक हाट बाजार स्थल पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाना अनिवार्य होगा। हाट स्थल पर जो व्यक्ति बिना मास्क के आते है उन्हें मास्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी पंचायत द्वारा की जायें।
No comments:
Post a Comment