Sunday, 13 September 2020

वन मंत्री डॉ. शाह ने आदिवासी बहुल ग्राम ताल्याधड़ का किया दौरा

 वन मंत्री डॉ. शाह ने आदिवासी बहुल ग्राम ताल्याधड़ का किया दौरा
गांव में तालाब और विद्युत लाइन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश



खण्डवा 13 सितम्बर, 2020 - प्रदेश के वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शनिवार को खालवा विकासखण्ड के ग्राम ताल्याधड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वन ग्रामों के आदिवासी किसानों के पट्टे वाले खेतों में किसानों के लिए मनरेगा योजना के तहत 5 लाख रूपए लागत के खेत तालाबों का निर्माण करवाया जायेगा। इसके अलावा गांव के पास में डेढ़ करोड़ रूपये की लागत से सार्वजनिक तालाब निर्माण किया जायेगा, जिसमें तालाब बनने के बाद मत्स्य पालन भी किया जा सकेगा। इस तालाब के बन जाने से गांव के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। 

        मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि गांव के लिए अलग से राशन दुकान खोली जायेगी, जिसका संचालन वन समिति द्वारा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गांव की किसी पढ़ी लिखी महिला को दुकान का सेल्समेन बनाया जायेगा, जिससे ग्रामीणों को 6 किलोमीटर दूर खाद्यान्न लेने नहीं जाना पड़ेगा। मंत्री डॉ. शाह ने इस दौरान संबंधित अधिकारी को अगले महीने राशन दुकान का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए।  उन्होंने गांव में बिजली की लाइन के लिए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी को  एस्टीमेंट बनाने के निर्देश दिए, ताकि गांव में बिजली आपूर्ति हो सके।

मंत्री डॉ. शाह ने ग्रामीणों की समस्या के सम्पूर्ण समाधान के लिए वन समिति के माध्यम से 10 एचपी के सौलर सिस्टम लगवाने और उसी से चलने वाली चक्की लगाने एवं वन समिति के माध्यम से संचालित करने एवं ग्रामीणों से सिर्फ मेंटेनेंस का शुल्क लेकर संचालित करने की बात कही। मंत्री डॉ. शाह ने ग्राम ताल्याधड़ की पेयजल समस्या निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को एक सप्ताह में कार्यवाही सुनिश्चित कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में सौर उर्जा से चलने वाली मोटर नलजल योजना लगवाने के निर्देश दिए। आगामी 8 अक्टूबर को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर प्रत्येक ग्रामवासी की सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इस शिविर में शामिल होंगे। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि वन कर्मचारियों को अच्छे हथियार और अन्य नवीनतम उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि अतिक्रमणकारियों एवं अवैध रूप से कटाई करने वाले तस्करों से सक्षम तरीके से निपटा जा सके। प्रदेश के हर रेंजर के पास होगा शासकीय लैपटॉप जिसमें पूरी रेंज की सभी प्रकार की जानकारी मौजूद रहेगी।


No comments:

Post a Comment