‘‘सहयोग से सुरक्षा अभियान‘‘ 15 अगस्त से प्रारंभ होगा
गणमान्य नागरिक कोरोना से बचाव के लिए अपील जारी करेंगे
नागरिकगण शपथ पत्र भी सोशल मीडिया पर करेंगे अपलोड
खण्डवा 13 अगस्त, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 15 अगस्त को सहयोग से सुरक्षा अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान की मुख्य थीम ‘‘सहयोग और समर्थन से ही विजय-कोरोना समाप्ति का दृढ़ निश्चय‘‘ है। सहयोग से सुरक्षा अभियान में शासकीय विभागों, स्वैच्छिक संगठन, व्यापारिक संगठन, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि व्यापक भागीदारी करेंगे। यह अभियान सभी वर्गो के सहयोग से संचालित होगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जन जागरुकता के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव लाना है। अभियान में लोगों के बीच जागरुकता लाई जायेगी जिससे वे कोरोना संक्रमण की समस्या के साथ ही जीवन जीने की आदत डाल सकें। स्वास्थ्य विभाग का यह भी प्रयास रहेगा कि नागरिक सुरक्षित व्यवहारों को अपनाएं। समुदायों को प्रोत्साहित करें जिससे वे बचाव के उपायों को जीवन शैली का अंग बना लें। स्वास्थ्य का संक्रमण से बचाव व्यवहार का हिस्सा बने इसके लिए इस प्रचार-प्रसार की निरंतरता बनाए रखने का लक्ष्य है।
कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि सहयोग से सुरक्षा अभियान के तहत सरल और स्पष्ट संदेशों के माध्यम से लोगों की आदतों में बदलाव के प्रयास किये जायेंगे। कई बार गलत और भ्रामक जानकारियों से आमजन भ्रमित होते हैं, इनका प्रतिवाद कर सही स्थिति बताने का कार्य भी विभिन्न माध्यमों से लगातार किया जायेगा जिससे लोगों को वास्तविक जानकारी मिल सके। अभियान की गतिविधियों के लिये समयबद्ध कार्यक्रम भी तय किया गया है। अभियान के दौरान शपथ कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। अभियान से जुड़ शासकीय विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है, जो अभियान की गतिविधियों को गति देंगे। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने अपने क्षेत्र में इस अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए है।
No comments:
Post a Comment