Wednesday, 10 June 2020

प्रदेश में ‘‘वन नेशन-वन राशन कार्ड‘‘ योजना प्रारम्भ

प्रदेश में ‘‘वन नेशन-वन राशन कार्ड‘‘ योजना प्रारम्भ 
राशन कार्ड धारक, देश के 21 राज्यों में कहीं से भी अपने हिस्से का राशन ले सकेंगे 

खण्डवा 10 जून, 2020 - राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश में वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना प्रारम्भ की। इस योजना के अंतर्गत अब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत सम्मिलित सभी पात्र परिवारों को उनके निवास के नजदीक की दुकान से ही बॉयोमेट्रिकस के आधार पर देश के 21 राज्यों में कहीं भी उचित मूल्य का राशन मिल सकेगा। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय से वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से किया। इस योजना से मध्य प्रदेश के पात्र प्रवासी मजदूर अन्य राज्यों में तथा अन्य राज्यों के पात्र प्रवासी मजदूर मध्यप्रदेश में ही राशन प्राप्त कर सकेंगे। मध्यप्रदेश के पात्र हितग्राहियों को अन्य राज्यों में एवं अन्य राज्यों के पात्र हितग्राहियों को मध्यप्रदेश में गेहूँ 2 रूपये, चावल 3 रूपये तथा मोटा अनाज 1 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से प्राप्त होगा।
‘‘वन नेशन वन राशन कार्ड योजना‘‘ के लिए प्रदेश की समस्त 24 हजार 980 उचित मूल्य दुकानों पर पीओएस मशीनें लगाई जाकर उनका ऑटोमेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। प्रदेश में पोर्टेबिलिटी के माध्यम से राशन का वितरण भी हितग्राहियों को प्रारंभ कर दिया गया है। प्रदेश के हितग्राही मध्यप्रदेश के अलावा जिन अन्य 20 राज्यों में अपने हिस्से का राशन वहां की उचित मूल्य की दुकानों से ले सकेंगे, उनमें आंध्रप्रदेश, बिहार, दादर एण्ड नगर हवेली, दमन एण्ड दीव, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखण्ड, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तरप्रदेश, मिजोरम, उड़ीसा एवं सिक्किम शामिल है। साथ ही, इन राज्यों के हितग्राहियों को मध्यप्रदेश की उचित मूल्य की दुकानों से राशन प्राप्त करने की भी पात्रता होगी। 

No comments:

Post a Comment