Saturday, 11 April 2020

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना संक्रमण के संबंध में कलेक्टर्स से की चर्चा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना संक्रमण के संबंध में कलेक्टर्स से की चर्चा

खण्डवा 11 अप्रैल, 2020 - प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार शाम को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स व कमिश्नर्स से वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा कर जिलों में कोरोना संक्रमण से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों तथा की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को बताया कि खण्डवा जिले में कुल 5 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। पॉंचों पॉजिटिव मरीजों को कोविड केयर सेंटर में तुरंत शिफ्ट कर दिया गया था, ये सभी व्यक्ति पहले से ही होम क्वारेंटाइन थे। इनके सम्पर्क में आने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर लिया गया है तथा उन्हें भी क्वारेंटाइन किया गया है एवं उनके टेस्ट भी करवाये जा रहे है तथा सभी का प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से किया जा रहा है।
    कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने मुख्यमंत्री जी को बताया कि शहर के दोनों कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में स्वास्थ्य व महिला बाल विकास व राजस्व विभाग के कर्मचारियों के सर्वे दल बनाकर घर घर सर्वे कराया जा रहा है तथा कोरोना के लक्षण जिन लोगों में पाए जा रहे है उनके सेम्पल लिए जा रहे है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बताया कि खण्डवा शहर के हर वार्ड में किराना दुकानदार चिन्हित कर लिए गए है तथा उनके माध्यम से नागरिकों को राशन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की नियमित रूप से बैठक आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर इंदौर व कलेक्टर भोपाल को निर्देश दिए कि इन दोनों शहरों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण इन जिलों से बाहर जाने वाले यात्रियों को सख्ती से रोका जाये, ताकि इन जिलों के संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति अन्य जिलों में जाकर बीमारी का प्रसार न कर सकें।

No comments:

Post a Comment