कोरोना वायरस से रहें सावधान, अफवाहों से बचें
खण्डवा 9 मार्च, 2020 - मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने जिले के समस्त निवासियों से कोरोना वायरस के प्रति सावधान एवं सजग रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अफवाहों से सावधान रहें एवं किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला चिकित्सालय में सम्पर्क करें। डॉ. चौहान ने बताया कि प्रदेश के नागरिकों को कोरोना वायरस के लक्षणों और उसके संक्रमण से बचने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एजवाइजरी जारी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार कोरोना वायरस विषाणुओं का समूह है जिससे सामान्यतः जानवरों में बीमारियाँ होती है। कभी-कभी ये मनुष्यों में संक्रमण करता है। मनुष्यों में इसके लक्षण सर्दी, खाँसी एवं बुखार, सिरदर्द, गले में खराश इत्यादि के रूप में हो सकते हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्ग व्यक्तियों सहित ऐसे व्यक्तियों में जिनमें प्रतिरक्षण की क्षमता कम होती है, में यह वायरस निमोनिया, ब्रोंकाइटिस इत्यादि गंभीर बीमारियाँ उत्पन्न करता है। स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के खाँसने या छींकने से हवा द्वारा फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के निकट संपर्क, छूने या हाथ मिलाने और संक्रमित सामग्रियों के संपर्क में आने के बाद आँख या नाक को छूने से भी यह फैलता है। नागरिकों को चाहिए कि संक्रमित व्यक्ति के निकट संपर्क में आने से बचें। अपने हाथ बार-बार धोते रहें। संक्रमित सामग्रियों के संपर्क में आने के बाद आँख या नाक को छूने से बचें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि सामान्य सर्दी-खाँसी, बुखार होने पर चिकित्सक की सलाह लें एवं घर में आराम करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चौहान ने बताया कि नोवल कोरोना वायरस से अनावश्यक डरने की आवश्यकता नहीं है। सावधानी एवं सतर्कता से बचाव आसान है। प्रदेश सरकार कोरोना वायरस संक्रमण की निगरानी, रोकथाम, बचाव एवं नियंत्रण हेतु पूर्ण सजग एवं क्रियाशील है। सभी नागरिकों से अपील है कि बचाव के तरीकों को अपनाकर स्वयं को एवं अन्य सभी को सुरक्षित रखने में सहयोग करें। नोवल कोरोना वायरस की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री दूरभाष नम्बर 104 है। यह प्रातः 8 से सायं 8 बजे तक क्रियाशील है। आप टोल फ्री नम्बर पर कॉल कर अपनी शंका का समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment