Thursday, 12 March 2020

राजस्व वसूली बढ़ायें तथा न्यायालयीन प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें


राजस्व वसूली बढ़ायें तथा न्यायालयीन प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने आँवल्या में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिये निर्देश



खण्डवा 12 मार्च, 2020 - सभी राजस्व अधिकारी राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने गुरूवार को आँवल्या रेस्ट हाउस में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम व तहसीलदार अपने क्षेत्र के पटवारियों की हर सप्ताह बैठक लें तथा उनके कार्यो की प्रगति की समीक्षा करें। सभी एसडीएम व तहसीलदार अपने क्षेत्र का अधिकाधिक दौरा करें तथा अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों का समय समय पर निरीक्षण भी करें। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि राजस्व अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में दर्ज उनसे संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करायें। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, संयुक्त कलेक्टर श्री एस.एल. सिघाड़े, सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद थे।
हर माह के अंत में संशोधित भू अधिकार ऋण पुस्तिकाओं का वितरण किया जायें
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि पटवारी नामांतरण व बटवारे के प्रकरणों का नियमित रूप से निराकरण करें तथा नामांतरण व बटवारे को राजस्व अभिलेख में दर्ज कर प्रत्येक माह के अंत में संशोधित भू अधिकार ऋण पुस्तिका वितरण का कार्यक्रम सार्वजनिक रूप से आयोजित कर किसानों को भू अधिकार ऋण पुस्तिकाएं वितरित की जायें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण समय सीमा में न करने वाले पटवारियों को निलंबित करने की कार्यवाही की जायेगी। 
कोरोना वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए विदेशो से आने वाले पर्यटकों पर रखी जाये नजर
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में सभी एसडीएम से कहा कि जिले में ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग जैसा देश का जाना माना धार्मिक व पर्यटन महत्व का स्थान है। ओंकारेश्वर में बड़ी संख्या में अन्य देशों के पर्यटक भी आते है। इन दिनों कोरोना वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए जिले में विदेशों से आने वाले पर्यटकों पर नजर रखी जाये।  कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े को निर्देश दिए कि ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर में वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये, ताकि किसी बीमारी के फैलने की संभावना न रहे। उन्होंने ओंकारेश्वर व खण्डवा  के होटलों में विदेश से आने वाले पर्यटकों पर भी नजर रखने के लिए कहा।
पटवारियों को कम्प्यूटर व पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण दिया जायें
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे अपने रीडर व पटवारियों पर पूरा नियंत्रण रखे तथा अपने कम्प्यूटर ऑपरेटर के भरोसे न रहे, बल्कि खुद कम्प्यूटर संचालन सीखे तथा राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर किए गए निराकरण को पोर्टल पर दर्ज करे तथा अपने राजस्व न्यायालय द्वारा जारी आदेशों को पोर्टल पर अपलोड भी करंे। उन्होंने सभी पटवारियों को वेब जीआईएस व पीएम किसान योजना के संबंध में कम्प्यूटर व पोर्टल संचालन की टेªनिंग दिलाने के निर्देश भी दिए। 
समय सीमा में निराकरण न करने वाले राजस्व अधिकारियों पर लगाया जाये अर्थदण्ड
       कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत चिन्हित सेवाओं का समय सीमा में निराकरण न करने पर संबंधित अधिकारी पर 250 रूपये प्रतिदिन की दर से अर्थदण्ड लगाने का प्रावधान है। अतः इस अधिनियम के तहत जो राजस्व अधिकारी समय सीमा में आवेदकों को सेवाएं नही दे पा रहे हैं, उन पर अर्थदण्ड लगाकर संबंधित पीडि़त आवेदक को प्रतिकर की राशि का भुगतान किया जाये।

No comments:

Post a Comment