Monday, 10 February 2020

समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन 28 फरवरी तक

समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन 28 फरवरी तक

खण्डवा 10 फरवरी, 2020 - रबी विपणन वर्ष 2020-21 हेतु गेहूं पंजीयन 28 फरवरी 2020 तक प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक शासकीय कार्य दिवसों में पंजीयन केन्द्रों पर किया जा सकता है। इसके अलावा कृषक स्वयं स्मार्टफोन पर एमपी किसान एप व ई उपार्जन एप के माध्यम से एवं कम्प्यूटर पर ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.के. शुक्ला ने बताया कि पंजीयन के समय कृषक को मूलभूत जानकारी में नाम, समग्र आई डी, आधार नंबर, बैंक खाता नंबर, आईएफएससी कोड, मोबाईल नंबर व विक्रय की 3 विकल्प लेकर पंजीयन केन्द्र पर उपस्थित हो सकते हैं। सिकमी व वन पट्टाधारी किसानों को सभी दस्तावेज, अनुबंध व पट्टे की प्रति भी केन्द्र पर उपलब्ध करानी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पंजीयन गिरदावरी के आधार पर होगा, इसलिए यह आवश्यक है कि कृषक पंजीयन से पूर्व अपने रकबे व फसल की पुष्टि ई गिरदावरी से कर लेवें। गिरदावरी से किसान को किसी प्रकार की आपत्ति होने पर गिरदावरी में ही दावा आपत्ति कर त्रुटि सुधार का प्रावधान राजस्व विभाग द्वारा किया गया है। 
     जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.के. शुक्ला ने बताया कि पंजीयन के समय भूमि के रकबे एवं फसल के सत्यापन से कृषक की सहमति होने पर पुष्टि ओटीपी के माध्यम से की जावेगी। पंजीयन उपरांत दावा आपत्ति व संशोधन नहीं की जा सकेगी। किसान को भुगतान जेआईटी के माध्यम से सीधे खाते में होगा इस हेतु किसान पंजीयन के समय केवल राष्ट्रीयकृत एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखाओं के एकल बैंक खाते ही दर्ज कराए जाएं। जनधन, ऋण, नाबालिक, बंद व 6 माह से अक्रियाशील-रोके गए खाते पंजीयन में न दर्ज कराएं जिससे कि किसान भुगतान में विलंब न हो। संयुक्त खातेदार कृषक को अनुपातिक रकबे अनुसार पृथक पृथक पंजीयन कराने की सुविधा उपलब्ध है। सिकमी कृषक एवं वन पट्टाधारी का पंजीयन एप पर नहीं हो, निर्धारित पंजीयन केन्द्र पर ही हो सकेगा एवं इस हेतु भू स्वामी को आधार कार्ड की प्रति, बैंक पासबुक की प्रति, समग्र सदस्य आई डी या पैन कार्ड की प्रति, वनाधिकार पट्टाधारी को पट्टे की प्रतिध् सिकमी अनुबंध की प्रति पंजीयन केन्द्र पर पंजीयन के समय लाना आवश्यक है।

No comments:

Post a Comment