Thursday, 14 November 2019

पूर्व छात्रों की मदद से उत्कृष्ट विद्यालय में होंगे विकास कार्य

पूर्व छात्रों की मदद से उत्कृष्ट विद्यालय में होंगे विकास कार्य 

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने अधिकारियों व पूर्व छात्रों को सौंपी जिम्मेदारी



खण्डवा 14 नवम्बर, 2019 - शासकीय रायचन्द्र नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय खण्डवा में होने वाले विकास कार्यो में जिला प्रशासन के साथ साथ विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की भी भागीदारी होगी। कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उत्कृष्ट विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की बैठक लेकर उन्हें विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.एल. रघुवंशी, प्राचार्य श्री आर.के. सेन के अलावा विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. मुनिष मिश्रा, डॉ. हिन्दूजा, वरिष्ठ पत्रकार श्री जय नागड़ा सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तो उत्कृष्ट विद्यालय के विकास के लिए विकास कार्य कराये ही जा रहे है। इस विद्यालय के पूर्व छात्र भी यदि इस कार्य में रूचि लेंगे तो यहां के विद्यार्थियों को ओर अधिक सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने संयुक्त कलेक्टर श्री एस.एल. सिघाड़े, परीविक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर सुश्री दीपाश्री गुप्ता को निर्देश दिए कि वे उत्कृष्ट विद्यालय में नियमित रूप से जाकर वहां की आवश्यकताओं के अनुसार किए जाने वाले विकास कार्यो को चिन्हित करें तथा विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों के साथ हर माह के प्रथम शनिवार अपरान्ह 4 बजे प्राचार्य के साथ बैठक आयोजित करें। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कहा कि विद्यालय में फर्नीचर, विद्यालय की हर कक्ष में स्मार्ट क्लास, स्मार्ट लेब, ग्रंथालय व डिजीटल लायब्रेरी, ऑडियो सिस्टम, ऑडिटोरियम, बेहतर खेल मैदान व खेल उपकरण जैसे कार्यो के लिए विद्यालय के पूर्व छात्र अपना योगदान दें। प्राचार्य श्री सेन ने इस अवसर पर बताया कि विद्यालय में कुल 703 विद्यार्थी अध्ययनरत है। उन्होंने बताया कि एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से विद्यार्थियों को फीस जमा करने की सुविधा शीघ्र ही प्रारंभ करा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बास्केटबॉल, बेंडमिंटन, टेबल टेनिस खेल नियमित रूप से विद्यार्थियों को खेलाये जाते है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में निर्देश दिए कि आज ही प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर व विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को जोड़कर एक नया वॉटसअप गु्रप बनाया जाये, जिसके माध्यम से विद्यालय के विकास के लिए की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा हो सके।

No comments:

Post a Comment