Wednesday, 17 July 2019

म.प्र. राज्य खाद्य आयोग का दो दिवसीय दौरा आज से

म.प्र. राज्य खाद्य आयोग का दो दिवसीय दौरा आज से
 18 जुलाई को बैठक व 19 जुलाई को जनसुनवाई व निरीक्षण करेगा खाद्य आयोग 

खण्डवा 17 जुलाई, 2019 - खण्डवा जिले में मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग का दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम आगामी 18 व 19 जुलाई को निर्धारित किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.के. शुक्ला ने बताया कि इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान खाद्य आयोग के प्रतिनिधि 18 जुलाई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कलेक्ट्रेट खण्डवा के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। बैठक में जिले के विधायक के साथ साथ महापौर, जिला पंचायत के जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। 
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री शुक्ला ने बताया कि खाद्य आयोग के प्रतिनिधि 18 जुलाई को अपरान्ह 3 से 5 बजे तक विभिन्न विभागों की खाद्य आयोग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, खाद्य विभाग सहित विभिन्न अधिकारियों को अपनी विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि खाद्य आयोग के प्रतिनिधि 19 जुलाई को नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्र, पोषण निर्माण आहार केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले केन्द्रों तथा उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण भी करेंगे। श्री शुक्ला ने बताया कि दूसरे दिन 19 जुलाई को भ्रमण के दौरान खाद्य आयोग के प्रतिनिधि किसी विकासखण्ड मुख्यालय पर जाकर जनसुनवाई भी करेंगे। 

No comments:

Post a Comment