Wednesday, 10 July 2019

नवप्रवेशी विद्यार्थियों की समग्र आई.डी. से मेपिंग का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें

नवप्रवेशी विद्यार्थियों की समग्र आई.डी. से मेपिंग का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें

कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने शिक्षा विभाग की समीक्षा में दिए निर्देश

खण्डवा 10 जुलाई, 2019 - स्कूल जाने योग्य हर बच्चे का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, कोई भी बच्चा स्कूल में प्रवेश से वंचित न रह जाए। कक्षा 1 से 8 के विद्यार्थियों की समग्र आई.डी. से मेपिंग का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने बुधवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्राचार्यो की बैठक में दिए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.एल. रघुवंशी, सहायक संचालक अनुसूचित जाति कल्याण श्री नीरज पाराशर सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। 
बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कक्षा 1 से 8 के बीच अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों में से खण्डवा विकासखण्ड में 3735 तथा खालवा विकासखण्ड में 2108 विद्यार्थियों की मेपिंग का कार्य शेष होने तथा कक्षा 9 से 12वी के नामांकन में खालवा में 763 व खण्डवा में 370 बच्चों की मेपिंग शेष होने पर नाराजगी प्रकट की तथा इस कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 6 एवं 9 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पात्रता के आधार साइकिल वितरण का कार्य इस सप्ताह में पूर्ण करने के लिए भी प्राचार्यो को निर्देश दिए। बैठक में समीक्षा के दौरान कक्षा 10 वी के परीक्षा परिणाम में हाई स्कूल पुरनी में 26 प्रतिशत की गिरावट पाई गई, जबकि उत्कृष्ट उ.मा.वि. बलड़ी में कक्षा 10 वी के परीक्षा परिणाम में 24 प्रतिशत की गिरावट पाई गई, जिस पर कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने नाराजगी प्रकट की और प्राचार्यो को इस शिक्षा सत्र में परिणाम में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सभी प्राचार्यो से कहा कि वे स्वयं तथा उनके अधीनस्थ शिक्षक व अन्य कर्मचारी लोक सेवक एप के माध्यम से उपस्थिति लगाना सुनिश्चित करें, ऐसा न करने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कक्षा 10वी व 12वी में अच्छे परीक्षा परिणाम लाने वाले स्कूलों के प्राचार्यो को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रघुवंशी ने बताया कि 4 हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल परीक्षा में कुल 12 विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा है। इसी तरह हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 4 स्कूलों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है तथा हायर सेकेण्डरी स्कूल पामाखेडी व सेंधवाल का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने इन विद्यालयों के प्राचार्यो को चेतावनी दी तथा इस शिक्षा सत्र में परिणाम में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि कक्षा 11 वी के लिए सुपर-100 योजना के तहत जिले के 8 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने इस शिक्षा सत्र में यह संख्या 8 से बढ़ाकर 20 करने का लक्ष्य जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। 

No comments:

Post a Comment