Monday, 17 June 2019

महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश

महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश 

खण्डवा 17 जून, 2019 - कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, महिला बाल विकास तथा जनशक्ति नियोजन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों व लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की मातृ मृत्यु दर व शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाये। गर्भवती महिलाओं व छोटे बच्चों के टीकाकरण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए शत प्रतिशत टीकाकरण का प्रयास किया जाये। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाये, ताकि मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं प्रसव के लिए अपने मायके जाती है उन्हें समझाइश दी जाये कि वे अपना टीकाकरण कार्ड जरूर साथ लेकर जाये, ताकि शेष टीके उन्हें मायके के पास स्थित निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में निःशुल्क लगाए जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्रसूता महिलाओं को समझाइश दी जाये कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद वे अपने बच्चे को स्तनपान कराये, जिससे कि उनका बच्चा जिंदगी भर स्वस्थ्य रहे। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कहा कि कम वजन वाले बच्चों को उनके निकटतम पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराने की व्यवस्था की जाये ताकि बच्चे का पोषण स्तर सुधर सके। उन्होंने कुपोषित बच्चों को थर्डमील उपलब्ध कराने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अशुंबाला मसीह ने बताया कि खालवा क्षेत्र में संध्या चैपालों का आयोजन कर महिलाओं को पोषण के संबंध में जरूरी समझाइश पूर्व में दी गई है तथा खालवा क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को थर्डमील अपने सामने खिलाती है, जिससे बच्चों के पोषण स्तर में सुधार देखने को मिला है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने यह प्रयोग जिले के अन्य विकासखण्डों में भी करने के लिए कहा है। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कृषि व उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खेती की नई नई तकनीकों तथा जैविक पद्धति से खेती करने के लिए किसानों को प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि किसानों का उत्पादन व उनकी आय बढ़ाने के लिए खेती में नवाचार किए जाये। इसके लिए किसानों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था भी की जाये। 

No comments:

Post a Comment