प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने सरकार की उपलब्धियों के बारे में मीडिया को बताया
खण्डवा 17 जून, 2019 - प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मंत्री एवं खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में गत 6 माह में प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों एवं सरकार की उपलब्धियों के बारे में मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी। इस दौरान मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर इंदलसिंह पंवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने इस दौरान बताया कि प्रदेश में मई 2019 तक किसानों के कुल 19.97 लाख खातों के ऋण माफ किए गए है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने पदभार ग्रहण की शपथ लेने के 2 घंटे के अंदर किसानों के कर्जमाफी के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए थे। उन्होंने बताया कि जय किसान समृद्धि योजना के तहत प्रदेश सरकार किसानों का गेहूं 2000 रू. प्रति क्विंटल दर पर क्रय कर रही है, जिसमें 160 रू. प्रति क्विंटल प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को बोनस है।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने स्थानीय रणजीत होटल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री कृषक प्याज प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश में 103500 किसानों ने पंजीयन कराया है। 14 जून तक प्रदेश के 24346 किसानों ने 2.32 लाख मेट्रिक टन प्याज का विक्रय प्रदेश की मण्डियों में किया है। उन्होंने बताया कि भावांतर भुगतान योजना में मक्का फसल के लिए 260735 किसानों के खाते में 514.40 करोड़ रू. की राशि जमा की गई है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि इन्दिरा गृह ज्योति योजना के तहत घरेलू विद्युत कनेक्शन में 100 यूनिट की विद्युत खपत करने पर मात्र 100 रू. का बिजली बिल ही भरना होगा। इस योजना का प्रदेश में 62 लाख हितग्राही लाभ ले रहे है। इन्दिरा किसान ज्योति योजना के तहत 10 हाॅर्स पावर तक के कृषि पम्पों का बिजली बिल आधा किया गया है। इस योजना में 18 लाख किसान लाभान्वित हो रहे है। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत दी जाने वाली राशि को 28 हजार से बढ़ाकर 51 हजार किया है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना के तहत युवाओं को 100 दिन की गारंटी दी गई है तथा हर माह 4 हजार रू. स्टायपेंड का भुगतान बेरोजगार युवाओं को किया जाना है। प्रदेश के 6.50 लाख युवा इस योजना से लाभान्वित हो रहे है।

No comments:
Post a Comment